इस शुक्रवार को दो ऐसी फिल्में रिलीज हुई हैं। जिनको फिल्मी पंडित टकटकी लगाए देख रहे हैं। दोनों ही फिल्में काफी समय से बेहद चर्चाओं में हैं। क्योंकि दोनों ही फिल्में अपनी-अपनी तरह की खासियत रखती हैं। साल के पहले महीने में रिलीज होने की वजह से भी ये फिल्में खास हैं।
दरअसल पिछले साल का अंत बॉक्स ऑफिस के लिए शानदार रहा था। साल का अंत 18 दिसंबर को दो बड़ी फिल्मों से हुआ। शाहरुख खान की दिलवाले और संजय लीला भंसाली की बाजीराव मस्तानी ने साल के आखिर में बढ़िया कमाई की। दोनों फिल्मों की कमाई ने नए साल से उम्मीदें बढ़ा दीं।
इस साल की पहली बड़ी फिल्म अमिताभ बच्चन और फरहान अख्तर की वजीर थी। 8 जनवरी को रिलीज हुई वजीर बॉक्स ऑफिस पर कोई खास कमाल नहीं कर सकी। फिल्म ने अब तक 38 करोड़ की कमाई की है। जो अमिताभ जैसे सितारो को देखते हुए बहुत उत्साहजनक नहीं है।
इस शुक्रवार को कुवैत-इराक में 1990 में हुए युद्ध के दौरान कुवैत में फंसी भारतीयों पर बनी एयरलिफट और दूसरी तरफ अश्लीलता की हदें तोड़ती क्या कूल हैं हम 3 आई हैं। ऐसे में दोनों फिल्मों की कमाई ही तय करेगी कि कौन सी फिल्म दर्शकों को पसंद आई है।
पहले दिन एयरलिफ्ट ने दिखाया दम
कुवैत से 1 लाख से ज्यादा भारतीयों को युद्ध के दौरान सुरक्षित निकालने की कहानी पर बनी एयरलिफ्ट ने पहले दिन बढ़िया कमाई की है। अपने टीजर और ट्रेलर के साथ से ही फिल्म को एक देशभक्ति फिल्म की तरह पेश किया जा रहा है। इसका भी इसको फायदा मिलने की उम्मीद की जा रही हैं।
समीक्षकों ने भी एयरलिफ्ट को अच्छा भाव दिया है। ज्यादातर समीक्षकाओं में फिल्म को अच्छा कहा गया है। पहले दिन फिल्म नें 11.5 करोड़ की कमाई की है। वेबसाइट बॉलीवुडमूवीरिव्यूज के अनुसार प्रोडयूसर ने पहले दिन फिल्म की कमाई को 12 करोड़ से ऊपर बताया है। ये आंकड़ा अक्षय कुमार की पिछली कुछ फिल्मों से मिलता-जुलता ही है।
अक्षय की एयरलिफ्ट के पहले दिन 12 करोड़ की कमाई उनकी पिछली फिल्मों हॉलीडे (11.66), गब्बर इज बैक (12.31), ब्रॉदर्स (13.68), सिंह इज ब्लिंग (18.32) के आसपास ही है। हालांकि उनकी इस फिल्म को समीक्षकों से मिली अच्छी प्रतिक्रिया के बाद आने वाले दिनों में फिल्म की कमाई में उछाल की उम्मीद की जा रही है।
'क्या कूल हैं हम 3' कमाई के मामले में पीछे नहीं
तुषार कपूर, आफताब शिवदासानी और मंदाना करीमी की मुख्य भूमिकाओं वाली 'क्या कूल हैं हम 3' में अश्लीलता की भरमार है। फिल्म के ट्रेलर रिलीज होने के साथ ही इसके सीन को लेकर सेंसर की भूमिका को लेकर भी चर्चाएं हुईं। लेकिन पहले दिन की कमाई ने फिल्म को खराब कहने वालों का मुंह बंद कर दिया है।
फिल्म पर समीक्षकों ने जमकर अपनी भड़ास निकाली है। फिल्म को समीक्षकों ने भले ही पैसा डूबोने वाली बताया है, लेकिन फिल्म की कमाई निर्माताओं को निराश नहीं कर रही है। पहले दिन फिल्म ने 7.5 करोड़ की कमाई की है। जो कि पिछले कुछ दिनों में आई कई बड़े सितारों की फिल्मों की कमाई से बेहतर है।