बॉलीवुड गलियारों में इन दिनों बेशरम की हीरोईन के अफेयर की चर्चाएं हैं। आमिर की तारीफ भी चर्चाएं बटोर रही है।
*सिक्स पैक्स बनाने कि लिए लोगों को प्रेरित करने वाले एकमात्र सितारे सलमान खान नहीं हैं। ‘रामलीला’ के हीरो रणवीर सिंह ने कहा है कि उन्हें अपनी फिल्म के लिए ऋतिक रोशन की एक तस्वीर से सिक्स पैक्स की प्रेरणा मिली।
रणवीर ने ऋतिक जैसी बॉडी बनाने के लिए उनके ट्रेनर क्रिस गेथिन से बात की थी। क्रिस के पास समय नहीं था, सो उन्होंने रणवीर को लॉयड स्टीवंस से मिलवा दिया। जो ब्रिटेन से आए। रणवीर को ऋतिक जैसी बॉडी बनाने में 12 हफ्ते लगे।
*आमिर खान जिस फिल्म की तारीफ करें उसकी तरफ सबका ध्यान जाना स्वाभाविक है। निर्देशक हंसल मेहता की ‘शाहिद’ ऐसी ही फिल्म है। लेकिन फिल्म का प्रोमो अपने एक संवाद के कारण सेंसर बोर्ड को खटक रहा है और इसे टीवी पर प्रसारण की इजाजत नहीं मिली है।
प्रोमो में शाहिद का एक डायलॉग है, ‘अपने आप को जेहादियों का गांधी समझता है क्या?’ सच, आपत्तिजनक तो है! चर्चा है कि मेहता गांधी की जगह मसीहा शब्द पर राजी हो गए हैं।
*निर्देशक अभिनव कश्यप अपनी फिल्म ‘बेशरम’ की हीरोइन पल्लवी शारदा के साथ किसी अफेयर की बात का खंडन कर रहे हैं और बता रहे हैं कि वह तो मेरी बेटी की दोस्त है। दूसरी तरफ दोनों को मुंबई के रेस्तराओं लेट नाइट साथ-साथ डिनर करते भी देखा जा रहा है।
फिल्म के हीरो रणबीर कपूर कतई नहीं चाहेंगे कि उनका नाम कैटरीना के अलावा किसी और हीरोइन से जुड़े, तो क्या यह फिल्म के लिए अभिनव का पब्लिसिटी स्टंट है? बात कुछ हजम नहीं हुई।
*सोशल नेकवर्किंग साइटों पर एक्टिव रहने वाली सोनम कपूर ने अपने पिता के पीछे पड़ कर उन्हें फेसबुक से जुड़वा दिया। अब जबकि अनिल कपूर का सीरियल ‘24’ आने वाला है, वह उन्हें इसे ट्विटर पर प्रमोट करने के लिए प्रेरित कर रही हैं। यानी अगला नंबर ट्विटर का! इंतजार कीजिए।