निर्देशक राजकुमार हीरानी की फ़िल्म 'पी के' में आमिर ख़ान भोजपुरी बोलते नज़र आएंगे।ख़बरों की मानें तो आमिर ख़ान इन दिनों भोजपुरी सीख रहे हैं जिसके लिए उन्होंने अपने लिए एक ट्यूटर भी रखा है। मज़ेदार बात ये है कि भोजपुरी का इस्तेमाल वो आज कल अपने दफ़्तर में काम करने वाले लोगों, परिवार, दोस्त और साथी कलाकारों के साथ भी कर रहे हैं।
कुछ साल पहले आमिर ख़ान ने तय किया था कि वो हर साल कोई नई विधा सीखेंगे। पहले उन्होंने मराठी भाषा में हाथ अजमाया फिर तैराकी में और अब अपनी नई फिल्म के लिए भोजपुरी सीख रहे हैं।
जताई 'युवराज' बनने की चाह
फ़िल्मी हस्तियों का खेल प्रेम भी लगातार दिख रहा है। कई सितारे अलग-अलग खेलों में निवेश भी कर रहे हैं। अब अभिषेक बच्चन को ही देख लीजिए अभी उन्होनें एक कबड्डी की टीम ख़रीदी है। और मीडिया से बातचीत के दौरान अभिषेक बच्चन ने युवराज सिहं बनने की बात भी कह डाली। बातचीत के दौरान उन्होनें बताया कि अगर किसी खिलाड़ी के जीवन पर बनी फिल्म में काम करने की पेशकश हो तो वो क्रिकेटर युवराज सिंह की ज़िंदगी को बड़े परदे पर निभाना चाहेंगे।
अभिषेक बच्चन कहते हैं, "एक तो युवराज की कद-काठी कुछ हद तक मुझसे मिलती जुलती है, ख़ासकर हम दोनों की नाक एक दूसरे से काफी मिलती है, दूसरा उनकी कहानी ख़ासी रोमांचक है."वो कहते हैं, "कैंसर से उन्होंने बिल्कुल फ़ाइटर की तरह लड़ाई की और जीत हासिल कर वापस खेल की दुनिया में धमाल कर रहे हैं, तो मैं पर्दे पर उन्हें जीना चाहूंगा।"