अमेरिका में पढ़ाई करने के लिए आने वाले छात्रों की संख्या में रिकॉर्ड बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है और इसमें सबसे अधिक छात्र चीन व भारत से ही हैं। साल 2013-14 में जहां करीब एक तिहाई छात्रों के साथ चीन इस मामले में पहले नंबर पर रहा, वहीं भारत से भी एक लाख से ज्यादा छात्र अमेरिका में पढ़ाई करने के लिए आए।
इंस्टीट्यूट ऑफ इंटरनेशनल एजुकेशन (आईआईई) के मुताबिक साल 2013-14 के शैक्षिक वर्ष में विभिन्न देशों से रिकॉर्ड 8,86,052 अंतरराष्ट्रीय छात्र अमेरिका में पढ़ने के लिए आए, जो कि पिछले साल की अपेक्षा 8.1 फीसदी ज्यादा हैं।
इस सूची में चीन सबसे ऊपर है, जहां से 2,74,439 छात्रों ने अमेरिका के विभिन्न शैक्षिक संस्थानों में दाखिला लिया। यह संख्या पिछले साल की तुलना में 16.5 फीसदी ज्यादा है। चीन के बाद भारत का नंबर आता है। 2013-14 में 6.1 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ भारत से 1,02,673 छात्र अमेरिका में पढ़ने के लिए आए।