एसोसिएशन ऑफ प्रोग्रेसिव स्कूल आगरा (अप्सा) के वार्षिक अंतर्विद्यालयीय साहित्यिक, खेलकूद और सांस्कृतिक फिएस्टा के शुक्रवार को चार प्रतियोगिताएं हुईं। सेंट कॉनरेड इंटर कालेज में बास्केटबाल, होली पब्लिक स्कूल सिकंदरा में एकल नृत्य, डॉ. एमपीएस वर्ल्ड स्कूल में निबंध लेखन और आगरा पब्लिक स्कूल में तैराकी की प्रतियोगिता हुई। इन प्रतियोगिताओं में सभी ने पूरे जोश और उत्साह से भाग लिया। मुकाबले बेहद रोमांचक रहे।
एकल नृत्य
होली पब्लिक स्कूल में सीनियर वर्ग में एकल नृत्य प्रतियोगिता हुई। 35 स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। सभी ने क्लासिकल और सेमी क्लासिकल थीम पर प्रस्तुति दी। सेंट फ्रांसिस स्कूल की अपूर्वा सिंह ने प्रथम, गायत्री पब्लिक स्कूल की निमिषा सिंह और सेंट मार्क्स स्कूल की राशि जैन ने संयुक्त रूप से द्वितीय और न्यू सेंट स्टीफंस स्कूल के आकर्ष सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निर्णायक मीरा कस्तूरिया और त्योति खंडेलवाल थीं। विद्यालय प्रबंधक और अप्सा के अध्यक्ष संजय तोमर ने अतिथियों का स्वागत किया। उद्घाटन करने वालों में अप्सा के सदस्य सुशील गुप्ता, प्रद्युमभन चतुर्वेदी, राजू डेनियल, अंजू डेनियल, डॉ. गिरधर शर्मा, टीएस राना, मोहित बंसल, एचएस पोखरियाल, एके सिंह उपस्थित रहे। संचालन रितु बिंद्रा ने किया।
तैराकी
आगरा पब्लिक स्कूल, अरतौनी में तैराकी प्रतियोगिता हुई। 20 विद्यालयों के 70 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। 100 मीटर फ्री स्टाइल में सेंट पीटर्स के आर्थर सिसौदिया प्रथम, डीपीएस के स्पर्श तेंगुरिया द्वितीय और कार्तिक जैन तृतीय स्थान पर रहे। बालक वर्ग के 100 मीटर बैक स्ट्रोक में जॉन मिल्टन के स्पर्श, 100 मीटर ब्रेस्ट में सेंट पीटर्स के आर्थर सिसौदिया पहले स्थान पर रहे। बालिका वर्ग के 50 मीटर फ्री स्टाइल में डीपीएस की जाह्नवी चतुर्वेदी, 50 मीटर बैक स्ट्रोक डीपीएस की ही संजीनी समीर, 50 मीटर ब्रेस्ट में डीपीएस नैना ढाकरे विजेता बनीं। इस दौरान एसएन यादव, आरएस यादव, स्क्वाड्रन लीडर एके सिंह मौजूद रहे। वाइस चेयरमैन अभिनव शर्मा, प्रिंसिपल अनिकेत शर्मा का सहयोग रहा।
निबंध लेखन
डॉ. एमपीएस वर्ल्ड स्कूल में हिंदी निबंध लेखन प्रतियोगिता हुई। इसमें 30 विद्यालयों ने भाग लिया। वरिष्ठ वर्ग में ‘राष्ट्रीय सुरक्षा में देश का स्वावलंबन और आधुनिकता पर्यावरण पर असर’ विषय था। प्रथम स्थान शिवालिक कैंब्रिज स्कूल की छात्रा सुकृति तोमर, द्वितीय स्थान सेंट कानरेड की स्तुति अग्रवाल और तृतीय स्थान संयुक्त रूप से सेंट एंड्रूज के अनूप शर्मा और सुमित राहुल गोयल मेमोरियल स्कूल की छात्रा दीपा अग्रवाल ने प्राप्त किया। कनिष्ठ वर्ग में विषय ‘नारी शिक्षा का महत्व’ था। शिवालिक कैंब्रिज की छात्रा ममता शर्मा पहले, सुमित राहुल छात्र रमन यादव दूसरे और गायत्री पब्लिक स्कूल की छात्रा मंजरी गुप्ता तीसरे स्थान पर रहीं। निर्णायक मंडल में डॉ. केशव शर्मा, प्रवीन सत्या, पवन आगरी और डॉ. हृदेश चौधरी शामिल रहे।
बास्केटबाल
सेंट कॉनरेड इंटर कालेज में बालक और बालिका वर्ग की बास्केटबाल प्रतियोगिता शुरू हुई। शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर ओसवल्ड माड़ता ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। आयोजन सचिव हरेंद्र शर्मा के मुताबिक सेंट कानरेड ने सेंट क्लेयर्स को और गायत्री पब्लिक स्कूल ने सचदेवा मिलेनियम को हराया। बालक वर्ग में सेंट पीटर्स, शिवालिक कैंब्रिज, जॉन मिल्टन, होली पब्लिक, सेंट एंड्रूज और डीपीएस ने अपने मुकाबले जीते। बालिका वर्ग में डीपीएस, गायत्री पब्लिक, आगरा पब्लिक, जॉन मिल्टन और होली पब्लिक को जीत मिली। शनिवार को क्वार्टर फाइनल मैच होंगे।