मेरठ में मेडिकल थाना क्षेत्र में रविवार रात एक युवक की उसके दोस्त ने गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को प्रेमिका के इशारे पर अंजाम दिया गया। पुलिस ने पड़ोस में रहने वाले दो सगे भाईयों को हिरासत में लिया है। पुलिस हत्या में प्रयुक्त असलहा बरामद करने की कोशिशों में लगी है।
पुलिस के अनुसार जागृति विहार (मंशा देवी मंदिर के पास) निवासी गौरव कुमार (18) पुत्र स्व. महेंद्र कुमार प्राइवेट अस्पताल में सफाई कर्मी था। गौरव एक युवती से फोन पर बातचीत करता था। युवती का गौरव के एक दोस्त से प्रेम प्रसंग था।
लगातार फोन पर बात करने की बात युवती ने गौरव के दोस्त को बता दी। जिस पर दोस्त ने गौरव को मारने का प्लान बनाया। पुलिस के अनुसार दोस्त ने गौरव को फोन कर घर से बुलाया। उसे नशीला पदार्थ देकर गोली मारकर हत्या कर दी। इस वारदात में दोस्त के दो साथी भी मौजूद थे।