मुंबई में एक गर्भवती महिला की हत्या के आरोप में एक फैशन डिजाइनर युवती को गिरफ्तार किया गया है। 22 वर्षीय युवती पर आरोप है कि उसने पीड़िता के पति से पैसे उधार लिए थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपी उज्वला वीर ने पीड़िता प्रीति भागेकर (26) की हत्या के लिए तीन अलग-अलग औजारों का इस्तेमाल किया था और हत्या के बाद उसकी लाश को सोफे के नीचे बने स्टोर कैबिनेट में छुपा दिया।
यही नहीं, इसके बाद उसने पीड़िता की नौकरानी और बहन से भी बातचीत की। शुरुआती जांच के दौरान उसने पुलिस को गुमराह किया और वारदात से अंजान होने का दिखावा किया।
आरोपी की बातें सुनकर पहले तो पुलिस अज्ञात हमलावरों की तलाश में जुट गई लेकिन जांच के दौरान उन्हें उज्वला पर शक हुआ तो कड़ाई से पूछताछ की गई। आखिरकार उसने पुलिस के सामने हत्या का राज खोल दिया।
(तस्वीर- टाइम्स ऑफ इंडिया से साभार)
दोनों के बीच बढ़ी थीं नजदीकियां!
पुलिस के अनुसार, उज्वला अविवाहित है और काजूपाड़ा इलाके में अपने माता-पिता के साथ रहती है। पीड़िता प्रीति भी उसके पड़ोस में अपने पति प्रशांत, चार साल के बेटे और सास-ससुर के साथ रहती थी। उसका पति पेशे से ड्राइवर है।
उज्वला ने कुछ दिनों पहले प्रशांत से 20 हजार रुपए उधार लिए थे, जो कि उसने किसी और से लेकर उसे दिए थे। प्रीति ने कई बार उज्वला से पैसे वापस करने को कहा। प्रीति को इस बात का भी पता चला कि उज्वला और प्रशांत के बीच नजदीकियों बढ़ रही हैं।
इस बात को लेकर उसके और उज्वला के बीच करीब छह माह पहले भी झगड़ा हो चुका था। हालांकि तब किसी तरह मामला शांत करा लिया गया था। लेकिन एक बार फिर मामला तब सुलग उठा जब प्रीति ने उससे पैसे मांगे।
घर बुलाकर लाई और चीर दिया गला
पूछताछ के दौरान उज्वला ने पुलिस को बताया कि बुधवार को दोपहर 3 बजे वह प्रीति से बस स्टाप पर मिली। वहां से वह पैसे देने के बहाने प्रीति को अपने साथ घर ले गई। घर में दोनों के बीच पहले झगड़ा हुआ और फिर मारपीट की नौबत आ गई।
उज्वला ने गुस्से में आकर एक रस्सी से प्रीति का गला घोंट दिया और फिर उसने ब्लेड से उसका गला चीर दिया। उसने उसके सिर पर भी चोट पहुंचाई। प्रीति की हत्या के बाद उज्वला ने उसकी लाश को सोफे के नीचे छुपा दिया।
डीसीपी पंजाबराव उग्ले ने बताया कि घटना के वक्त आरोपी की मां भी घर में थी लेकिन लकवाग्रस्त होने के चलते वह बिस्तर से उठ नहीं सकती। इसलिए वह घटना से पूरी तरह नावाकिफ रही। वारदात को अंजाम देने के बाद उसने पूरा घर साफ किया और खून के निशान मिटा दिए।
इसके कुछ ही देर बाद उसकी नौकरानी वहां आ गई। उसके साथ ही उज्वला की बहन भी मिलने पहुंच गई। सोफे पर बैठने के दौरान वह थोड़ी बेचैन दिख रही थी।
बहन को हुआ शक और खुल गई पोल
उज्वला की बेचैनी देखकर उसकी बहन को शक हुआ तो उसने उससे कारण पूछा लेकिन उसने उसे घर से जाने को कह दिया। उसके बाद उसने अपने हाथों पर वार करके कटने के निशान बनाए और भागते हुए प्रीति के घर पहुंच गई।
उसने प्रशांत को बताया कि कुछ लोगों ने प्रीति और उस पर हमला किया है। प्रशांत, प्रीति को देखने जाने के बजाय पहले उज्वला को डॉक्टर के पास ले गया। हालांकि इस दौरान उज्वला की बहन ने पुलिस को सूचना दे दी थी, क्योंकि उसे घर में खून के धब्बे दिख गए थे।
प्रशांत के साथ उज्वला घर पहुंची तो उसने पुलिस को बताया कि हमलावरों ने उसे प्रशांत को बुलाने के लिए भेज दिया था। वह बार-बार अपना बयान भी बदल रही थी। हालांकि जब जांच के दौरान पुलिस को किसी हमलावर का सुराग नहीं मिला तो उसने बताया कि प्रीति की लाश सोफा के नीचे है।
प्रीति के भाई ने बताया कि घरवालों की मर्जी के खिलाफ उसने प्रशांत से शादी की थी। उसने कभी नहीं बताया कि वह किसी मुश्किल में है। वह तीन माह की गर्भवती थी। डीसीपी उग्ले ने बताया कि शुरुआती जांच में प्रशांत के इस वारदात में शामिल होने के सबूत नहीं मिले हैं।