भाई की जिंदगी खुशहाल बन सके इसलिए एक बहन ने अपने 11 साल के भतीजे की गला घोंटकर हत्या कर दी। महिला चाहती थी कि अपनी पत्नी को तलाक देकर उसका भाई दूसरी शादी कर ले, और फिर अच्छी जिंदगी बिताए।
पुलिस ने मंगलवार बताया कि राहुल एन शाजी की गला घोंटने से मौत हुई थी। आरोपी विजयाम्मा ने स्वयं पुलिस को वारदात की सूचना दी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घटना केरल के कोट्टयम जिले की है।
टीओआई के अनुसार, सूचना पर जब पुलिस मौके पर पहुंची तो एक खाट पर राहुल का शव रखा हुआ था। उसके दादा-दादी रो रहे थे, वहीं आरोपी विजयाम्मा एक कमरे में चुपचाप शांत बैठी थी।
विजयाम्मा राहुल से बहुत प्यार करती थी और वह उसी के पास सोता था लेकिन किसी को विश्वास नहीं हो रहा कि उसने उसकी हत्या की है।
पुलिस ने बताया कि विजयाम्मा की हत्या का मकसद यह था कि उसका भाई शाजी अपनी पत्नी बिन्दू को तलाक देकर एक बेहतर जिंदगी जी सके।
शाजी ने कोर्ट में तलाक की अर्जी दे रखी है, जिसका बिन्दू विरोध कर रही है। विजयाम्मा ने बताया कि राहुल तलाक के बीच में बाधा बन रहा था। बिन्दू और शाजी पिछले छह साल से अलग रह रहे हैं।