फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सात साल की शादी यूं हुई मौत में तब्दील

Thu, 10 Apr 2014 11:53 AM IST
ब्यूरो/ अमर उजाला, फतेहाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
हिसार रोड पर गांव बड़ोपल के पंचायती तालाब में बुधवार सुबह एक महिला और उसके 2 बच्चों के शव बरामद हुए हैं। आशंका जताई जा रही है कि मां और उसके दोनों बच्चों की हत्या कर शव तालाब में फेंकें गए हैं।
विज्ञापन


घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। वहीं, मृतका के परिजनों ने ससुरालवालों पर हत्या का आरोप लगाया है।

पुलिस ने महिला के पति, सास, ससुर और ननद के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

शवों की पहचान सोनल (28 वर्षीय), बेटी खुशी (5 वर्षीय) और बेटा निकुंज (3 वर्षीय) निवासी अग्रवाल कॉलोनी फतेहाबाद के रूप में हुई है।

पारिवारिक विवाद भी था कारण

मृतका फतेहाबाद की अग्रवाल कॉलोनी में विवाहित थी। डीएसपी विजय कक्कड़ और फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम ने घटनास्थल का दौरा कर जांच की।

पुलिस ने तीनों के शव तालाब से निकालकर फतेहाबाद के सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिए हैं।

हिसार के मिल गेट निवासी महाबीर प्रसाद की भतीजी सोनल का विवाह 7 वर्ष पहले अग्रवाल कॉलोनी निवासी मंगतराम बंसल के पुत्र जयप्रकाश बंसल के साथ हुआ था।

पुलिस को दी शिकायत में महाबीर प्रसाद के पुत्र विजय ने बताया कि अग्रवाल कॉलोनी में किराने की दुकान करने वाले जयप्रकाश बंसल का उसकी बहन सोनल के साथ पारिवारिक विवाद चलता आ रहा था।

तीनों शव जोहड़ से बरामद

पारिवारिक कलह को निपटाने के लिए कई बार पंचायतें भी हुई, मगर विवाद नहीं निपटा।

इसी कलह के चलते सोनल के पति व अन्य परिजनों ने मिलकर सोनल और बच्चों की हत्या कर शव को बड़ोपल के जोहड़ में फेंक दिया।

सदर थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया है कि पुलिस ने मृतका के चचेरे भाई विजय गर्ग निवासी मिल गेट हिसार की शिकायत पर पति जयप्रकाश बंसल, ससुर मंगतराम बंसल, देवर बॉबी व ननद सुनीता के विरुद्ध हत्या व शव को खुर्द बुर्द करने का मामला दर्ज किया है।

फोरेंसिक लैब के डॉ. जोगेंद्र का मानना है कि महिला और बच्चों की 12 से 24 घंटे पहले मौत हुई है। हत्यारोपी अभी घर से फरार है और पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। जल्द ही उनको गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
विज्ञापन

मामला बनाया आत्महत्या का

बुधवार सुबह मनरेगा के मजदूर जोहड़ के आसपास सफाई कर रहे थे। उन्हें जोहड़ के किनारे एक बैग मिला। बैग में बच्चों के कपड़े, लॉकर की चाबी और पर्स था। मजदूरों को शक हुआ और उन्होंने सरपंच जोगेंद्र सिंह को सूचना दी।

ग्रामीण तालाब के पास पहुंचे तो देखा कि महिला का शव पड़ा है। सरपंच ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने ग्रामीणों को तालाब में उतारा तो 28 वर्षीय महिला के साथ एक लड़की और एक लड़के का शव भी बरामद हो गया।

पुलिस के अनुसार जोहड़ के बाहर तीन जोड़े चप्पल के रखे हुए थे, जिससे कोशिश की गई है कि मामला आत्महत्या का लगे लेकिन महिला के सिर पर गहरी चोट का निशान है। इसलिए मामला हत्या का प्रतीत होता है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें