यूपी के बागपत में हफ्ते भर पहले पूर्व नेशनल शूटर और उनके परिवार के साथ मारपीट करने और ट्रेन से फेंकने का प्रयास करने वाले दो छात्रों को जीआरपी ने गिरफ्तार कर लिया है। सीट पर बैठने को लेकर विवाद शुरू हुआ था।
27 जनवरी को नेशनल शूटर रहीस मलिक लोनी से मां जरीना खातून, मामा जमशेद अली, मामी खातून और मौसी रमजाना के साथ बड़ौत आने के लिए सहारनपुर पैसेंजर ट्रेन में सवार हुए थे। सूजरा से आगे सीट पर बैठने को लेकर दो युवकों का उससे झगड़ा हो गया था।
आरोप है कि दोनों युवकों ने शूटर और उनके परिजनों से मारपीट शुरू कर दी थी। अग्रवाल मंडी टटीरी रेलवे स्टेशन पर साथियों को बुलाकर दोबारा पिटाई की थी और नेशनल शूटर को ट्रेन से फेंकने की कोशिश भी की।
इस वारदात को लेकर क्षेत्र के शूटरों में आक्रोश फैल गया था। शूटर ने अज्ञात युवकों के खिलाफ जीआरपी में मामला दर्ज कराया था। जीआरपी थानाध्यक्ष सुनील दत्त ने बताया कि इस घटना में शामिल दो छात्रों को मंगलवार की रात बड़ौत रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपियों में गांव बली का रहने वाला राहुल और महेशपुर चौपड़ा गांव का सुलेमान शामिल है। राहुल साहिबाबाद के एक कॉलेज में बीए द्वितीय वर्ष में पढ़ रहा है, जबकि सलेमान बागपत के ही एक कॉलेज में बीए द्वितीय वर्ष का छात्र है।
छात्रों ने पूछताछ में बताया कि राहुल का शूटर के साथ सीट पर बैठने को लेकर विवाद हो गया था। बुधवार को नेशनल शूटर रहीस ने जीआरपी थाने पहुंच कर दोनों आरोपियों की पहचान की।