नई दिल्ली के वसंत कुंज (नॉर्थ) थाना पुलिस ने महिला के साथ बुधवार को हुए गैंगरेप के मामले में दो प्रॉपर्टी डीलरों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस तीसरे आरोपी की तलाश कर रही है। दक्षिण जिले के डीसीपी बीएस जयसवाल ने दावा किया है कि प्रॉपर्टी डीलरों के फरार साथी को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।
बीएस जयसवाल ने बताया कि गैंगरेप के आरोप में दो आरोपी प्रॉपर्टी डीलर पवित्रा उर्फ सन्नी और राजेंद्र को गिरफ्तार कर लिया गया है। इनका तीसरा साथी संदीप उर्फ भोलू फरार है।
पुलिस के अनुसार, जहांगीरपुरी निवासी महिला वसंत कुंज के किशनगढ़ में खरीदने के लिए मकान देख रही थी। प्रॉपर्टी डीलर राजेंद्र और सन्नी उसे मकान दिखा रहे थे।
बुधवार को जब महिला टोकन रकम देने आई तो आरोपी उसे एक फ्लैट में ले गए। वहां आरोपियों ने उसे फ्रूटी पिलाई। फ्रूटी पीने के बाद महिला बेहोश हो गई।
महिला का आरोप है कि आरोपियों ने नशीला पदार्थ पिलाकर उससे रेप किया। मेडिकल जांच में महिला के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हो गई है।
महिला ने मौके से ही 100 नंबर पर पुलिस को सूचना दी थी। गौरतलब है कि इस वारदात की खबर को अमर उजाला ने सबसे पहले प्रकाशित किया था।