सलाद ना काटने पर पत्नी से हुए विवाद के बाद समझौता कराने आए अपने दो सालों चमन (40) और राजा (36) की कांग्रेस नगर अध्यक्ष भूपेंद्र शर्मा ने गोली मारकर हत्या कर दी।
मुरारी नगर कालोनी में बुधवार दोपहर करीब 12 बजे यह वारदात हुई। हत्या करके भागते भूपेंद्र को पुलिस ने लाइसेंसी रिवाल्वर समेत हिरासत में ले लिया। मामले में देर शाम तक रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई।
एसएचओ सुधीर त्यागी ने बताया कि मुरारी नगर निवासी कांग्रेसी नेता भूपेंद्र शर्मा (42) और पत्नी रजनी के बीच मंगलवार शाम सलाद न काटने पर मारपीट हो गई थी।
यह खबर रजनी के मायके पहुंची तो बुधवार सुबह उसके भाई चमन गौड़, चचेरे भाई राजा और कृष्णा समझौता कराने चले आए। हालांकि रजनी का आरोप है कि भूपेंद्र शर्मा ने खुद फोन करके उसके भाइयों को बुलाया था।