उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार में चोरों के हौसले कितने बुलंद हैं इसका पता इससे चलता है कि कानपुर में दो-तीन दिन के अंतराल में चोर दो मंत्रियों के यहां से लाखों का माल चुरा ले गए।
पहली घटना बुधवार रात को हुई। इसमें यशोदानगर में रहने वाले दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री आत्मप्रकाश शुक्ला के घर चोरी की घटना हुई।
दूसरी घटना में चोर प्रदेश सरकार में दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री के घर से ही 30 लाख का माल गायब कर ले गए।
बेटी की शादी में औरेया गए थे मंत्रीजी
चोरों ने हथकरघा एवं रेशम वस्त्रोद्योग के चेयरमैन कमलेश पाठक के घर को निशाना बनाया। वारदात के समय उनका परिवार बेटी की शादी में औरैया गया था।
चोर पांच कमरों के ताले तोड़कर जेवर, नकदी, इलेक्ट्रानिक्स आइटम सहित तमाम कीमती सामान ले गए। वे नलों की टोटियां तक खोल ले गए। लौटने पर मंत्री को चोरी की जानकारी हुई।
एसपी से लेकर कल्याणपुर थाने की पुलिस और फारेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया।
चोरों की तलाश में जुटी पुलिस
थानाध्यक्ष का कहना है कि मंत्री ने अभी चोरी गए सामान का ब्योरा नहीं दिया है। चोरों की तलाश में पुलिस टीमें जुट गईं हैं।
मूलरूप से औरैया के रहने वाले पाठक कल्याणपुर आवास विकास-एक में रहते हैं। घर की देखभाल के लिए प्राइवेट सिक्योरिटी गार्ड मनीष को छोड़ गए थे। शुक्रवार रात मनीष घर छोड़कर शादी समारोह में चला गया।
पांच घंटे बाद लौटा तो चोर उनका घर साफ करके जा चुके थे। मकान की बाउंड्री फांदकर चोर घर में घुसे। मंत्री की तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है।