चोरी के अजीबोगरीब किस्से हमने खूब सुने हैं और इसमें कुछ नयापन भी नहीं दिखता। लेकिन इस चोरी में चोरों ने कुछ ऐसा किया कि गुस्से के साथ-साथ उनकी हिम्मत पर हैरत भी हो रही है।
पंजाब के मुक्तसर शहर में मंगलवार सुबह करीब तीन बजे कुछ चोरों ने एक एटीएम मशीन को जेसीबी मशीन से उखाड़ दिया। उसे ट्रैक्टर-ट्रॉली में रखकर लेकर चले गए।
वह एटीएम पंजाब एंड सिंध बैंक का था। मशीन में करीब पौने 5 लाख रुपए होने का अनुमान है।
बैंक की बरीवाला शाखा के मैनेजर सतपाल सिंह कोमल जब सुबह सैर को निकले, तो उन्होंने एटीएम मशीन के शीशे टूटे हुए देखे। सूचना पर एसपी (डी) गुरिंदरजीत सिंह, डीएसपी केएस चहल तथा थाना सदर प्रभारी इकबाल सिंह मौके पर पहुंचे।
गांव झोरड़ निवासी हरभगवान ने बताया कि सुबह करीब 3 बजे वह अपने ट्रैक्टर-ट्राली पर सवार होकर यहां से जा रहा था। इस दौरान उसने देखा था कि कुछ लोग जेसीबी मशीन के जरिए एटीएम मशीन को उठाकर ट्रैक्टर-ट्रॉली में रख रहे हैं। उसने सोचा बैंक का काम चल रहा है।
एसपीडी गुरिंदरजीत सिंह ने बताया कि जल्द इस मामले को सुलझा लिया जाएगा। बैंक के स्थानीय शाखा मैनेजर सुखदेव लाल के अनुसार सोमवार दोपहर को मशीन में करीब साढ़े 5 लाख रुपए नकद डाला गया था।
अंदाजा लगाया जा रहा है कि लूट के दौरान मशीन में पौने पांच लाख रुपए होंगे।
फोरेंसिक टीम ने एटीएम के भीतर फिंगर प्रिंट लिए। एसएसपी सुरजीत सिंह का कहना है कि समस्त बैंक अधिकारियों को एक बार फिर एटीएम में सुरक्षाकर्मी रखने की हिदायत दी जाएगी।