छोटे पर्दे की अभिनेत्री रूपाली गांगुली ने पुलिस को शिकायत दर्ज कराई है कि उनके घर के नकदी और जेवरात चोरी हो गए हैं। पुलिस का कहना है कि अभिनेत्री को अपनी नौकारानी पर शक है। जानकारी के मुताबिक इस चोरी में अभिनेत्री को 71 लाख रुपए का चूना लगा है।
अभिनेत्री ने मुंबई के वर्सोवा पुलिस थाने में दर्ज एफआईआर में कहा है कि पुलिस उनकी नौकरानी को गिरफ्तार करे क्योंकि चोरी की घटना के बाद से ही वो फरार है। अभिनेत्री वर्सोवा के उपनगर के विनाका अपार्टमेंट में रहती थी और उन्होंने हाल ही में नौकरानी को काम पर रखा था। हालांकि उन्होंने उसकी पूरी जानकारी नहीं ली थी।