एक बेहद क्रूर और अजीबोगरीब घटना में दो बहनों ने शादी करने जा रहे अपने सगे भाई को मारने की कोशिश की और इसके बाद उन्होंने खुद को भी जान से मारने की कोशिश की।
मामला चेन्नई का है। पुलिस के अनुसार, 32 वर्षीय मणिगंदन ने अपनी दो बहनों महादेवी (38) और निर्मला (36) को बताया कि वह अपनी शादी करने के बारे में सोच रहा है।
उसकी इस बात का दोनों बहनों ने विरोध किया। दोनों बहनों की अभी तक शादी नहीं हुई थी और भाई की कमाई से ही घर का खर्च चलता था।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तीनों भाई बहन मां की मौत के बाद से साथ रह रहे थे। उनके पिता ने दूसरी शादी कर ली थी इसलिए वे उससे अलग हो गए। इनका पिता एक रेस्टोरेंट चलाता है।
पछतावे में आकर बहनों ने काटा अपना गला
टीओआई की रिपोर्ट के अनुसार, जांच में पता चला कि बहनों से झगड़ा होने के बाद मणिगंदन गुस्से में घर छोड़कर चला गया और अगले दिन जब वापस लौटा तो एक बार फिर उसकी बहनों ने लड़ना शुरू कर दिया।
महादेवी और निर्मला ने पहले उसे बहुत समझाया लेकिन जब वही नहीं माना तो उन्होंने इस्त्री (Iron) से उसके सिर पर वार किया और फिर गला काट दिया। इसके बावजूद वह घर से भागने में कामयाब रहा। उसके पड़ोसियों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
डॉक्टरों ने बताया कि उसके गले और सिर पर करीब 46 टांके लगाए गए हैं। फिलहाल उसकी हालत नाजुक बनी है।
उधर, जब दोनों बहनों को इस बात का अहसास हुआ कि उन पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कराया जा सकता है तो उन्होंने खुद का गला काटकर आत्महत्या करने की कोशिश की।
दरवाजा तोड़ा तो उड़ गए पुलिस के होश
इस बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। जिसके बाद घर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो अंदर का नजारा देखकर दंग रह गई। घर के अंदर निर्मला मृत पड़ी हुई थी जबकि महादेवी बेहोशी की हालत में मिली।
पुलिसकर्मियों ने उसे तत्काल राजीव गांधी गवर्नमेंट अस्पताल में भर्ती कराया और निर्मला की लाश को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
मामले की छानबीन कर रहे अधिकारियों ने बताया कि मणिगंदन और उसकी बहन महादेवी की हालत नाजुक बनी हुई है। पड़ोसियों ने बताया कि दोनों बहनें स्नातक कर चुकी थीं और मणिगंदन ने स्नातक पूरा करने के बाद एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करना शुरू कर दिया था।
पुलिस ने उनके पिता को घटना की सूचना दी। जिसके बाद वे वहां पहुंच गए।