मां के प्रेम संबंधों से नाराज लड़कों ने उसके प्रेमी की हत्या कर दी। मरने वाले की पहचान भीखा मकवाना (37) के रूप में हुई है।
मामला गुजरात के राजकोट जिले का है। जहां काना वडाला गांव के रहने वाले राजेश ओर नीलेश महिदा ने अपने एक अन्य दोस्त के साथ मिलकर भीखा को जमकर पीटा। मारपीट के बाद उन्होंने उसे तड़पता हुआ छोड़ दिया और वहां से भाग निकले। गांव के लोगों ने उसे अस्पताल में ले जाया गया जहां उसने दम तोड़ दिया।
लोगों ने बताया कि मृतक भीखा मकवाना ओर आरोपियों की मां के बीच करीब पांच साल से अवैध संबंध थे। उसके बेटे राजेश और नीलेश को इस बात से ऐतराज था और उन्होंने भीखा की हत्या कर दी।
मृतक के भाई विनोद ने आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। हालांकि जिस महिला के साथ मृतक के अवैध संबंधों की बात की जा रही थी उसने भी भीखा के खिलाफ रेप का मामला दर्ज कराया हुआ है।
महिला का आरोप है कि भीखा ने बिना उसकी सहमति के उसके साथ कई बार जबरन संबंध बनाए और किसी को भी बताने पर उसे व उसके बेटों को जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने मृतक के खिलाफ रेप का मामला दर्ज कर लिया है।
नाबालिग लड़की से 9 दिनों तक गैंगरेप
छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक नाबालिग आदिवासी लड़की को अगवा कर 7 युवकों ने गैंगरेप किया। लड़की अपनी मौसी के घर जाने के लिए निकली थी जब आरोपियों ने उसे शिकार बना डाला।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित बच्ची बस से उतरने के बाद पैदल जा रही थी जब दो बाइकों पर सवार चार युवक आए और उन्होंने उसे लिफ्ट देने के बहाने बाइक पर बैठाने की कोशिश की, लेकिन जब लड़की नहीं मानी तो वे उसे जबरन बाइक पर बैठाकर डमेरा स्थित एक पर्यटन स्थल ले गए और उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया।
टीओआई के अनुसार, आरोपियों ने लगातार 9 दिनों तक जगह बदल-बदल कर उसके साथ दुष्कर्म किया इस दौरान तीन अन्य आरोपी भी उनके इस घिनौने कारनामे में शामिल हो गए।
हर रोज बढ़ती गई दरिंदों की संख्या
18 नवंबर को अगवा हुई पीड़ित लड़की ने पूछताछ में बताया कि आरोपियों ने कई पर्यटन स्थलों और जंगलों में ले जाकर उसकी आबरू लूटी। आरोपियों ने 28 नवंबर को उसे एक जगह फेंक दिया और किसी को भी इस बारी में बताने पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
कुछ लोगों ने जब लड़की को सड़क किनारे पडे़ देखा तो उन्होंने चाइल्ड लाइन को इसकी सूचना दी। चाइल्ड लाइन की टीम ने लड़की को अपने साथ लेकर पुलिस और उसके परिजनों को सूचना दी।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए रविवार को छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है जबकि एक अभी भी फरार है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान राकेश राम (19), राजेंद्र (19), रकी कुमार (18), मो. नाजिम खान (20), सुनील कुमार सिंह (24), अरविंद नायक (18) के रूप में हुई है। सभी आरोपी जशपुरा गांव के पास ही रहते हैं।