इलाहाबाद, नैनी इलाके के तिगनौता में रविवार आधी रात बाद दरोगा सीताराम के पुत्र जगदीश कुमार की चापड़ से काटकर हत्या कर दी गई। सोमवार सुबह उसकी खून सनी लाश मिलने पर भीड़ जुटी तो खबर पाकर पहुंची पुलिस ने मौके पर फील्ड यूनिट और डॉग स्कवॉयड को बुलाया। खोजी कुत्ता मौके पर मिली गंध के पीछे एक किलोमीटर दूर कातिलों के घर तक पहुंच गया। पुलिस ने एक महिला समेत पांच लोगों को हिरासत में ले लिया।
तिगनौता गांव निवासी सीताराम सब इंस्पेक्टर हैं। उनकी तैनाती कौशाम्बी पुलिस लाइन में है। उनके परिवार में पत्नी सुग्गा देवी, दो बेटियां और दो बेटे थे। बेटियों की वह शादी कर चुके हैं। एक बेटे का कुछ समय पहले बीमारी से देहांत हो गया था। दूसरा पुत्र जगदीश (30) की भी रविवार आधी रात के बाद हत्या कर दी गई।
जगदीश रविवार शाम घर से निकला था। फिर सोमवार भोर में घर से कुछ दूर पर मन्ना का पूरा मुहल्ला स्थित काली चौरा पर उसकी खून से लथपथ लाश मिली। वहां भीड़ लगी तो खबर पाकर जगदीश के परिजन और नैनी थाने की पुलिस पहुंची।