आईएसआईएस के सरगना बगदादी की करतूतों से दुनिया के कई देशों में खौफ और आतंक का साया मंडरा रहा है। हाल ही में आईएसआईएस ने कई लोगों के सिर कलम करके उनके वीडियो भी जारी कर दिए।
आईएसआईएस के इस काम की पूरी दुनिया में निंदा हुई लेकिन एक शख्स ऐसा भी सामने आया हे जिसने आतंकी संगठन की इस खौफनाक हरकत को अपनाया और सीरियल किलर बन गया।
लगातार हो रही हत्याओं के बाद जब ब्राजील की पुलिस ने घटनाओं पर गौर किया तो उन्हें पता चला कि कोई एक ही शख्स है जो सभी घटनाओं को अंजाम दे रहा है। इसके बाद आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस ने बहुत जल्द ही उसे धर दबोचा।
टैटू के चलते फंस गया आरोपी
आरोपी हत्यारा लोगों को मारने से पहले उन पर कुल्हाड़ी से हमला करता था। उसने यह तरीका आईएसआईएस का वीडियो देखने के बाद अपनाया था।
ब्राजील के साओ पाउलो में एक शहर के पुलिस अधिकारी ने बताया कि हाल ही में लगातार सात लोगों पर हुए हमले में छह लोगों की मौत हो गई।
घटनाओं पर गौर किया गया तो पता चला कि सभी वारदातों के पीछे किसी एक व्यक्ति का हाथ है। पड़ताल में जुटी पुलिस ने बिना सिर की तीन लाशें मिलने के बाद बुधवार को 23 वर्षीय आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। उसने अपने हाथ में कुल्हाड़ी का टैटू बनवा रखा था जिसके जरिए पुलिस को उस पर शक हुआ था।
कुछ लोगों का दावा है कि आरोपी ने करीब 36 लोगों की हत्याएं की हैं। अगर उसे गिरफ्तार न किसा जाता तो वह और भी घटनाओं को अंजाम देता।
तो इसलिए करता था हत्याएं
आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद जब पुलिस ने उससे पूछताछ की तो काफी चौंकाने वाला खुलासा हुआ। आरोपी ने सभी हत्याओं के पीछे वजह यह बताई कि उसे लगता है कि सड़क किनारे रहने वाले लोग बिना किसी तरह के टैक्स दिए सुविधाओं का लाभ लेते हैं।
आरोपी को पकड़ने में पुलिस को तब मदद मिली जब उसने एक व्यक्ति पर हमला किया और उसके लाइसेंस प्लेट नंबर को अपने साथ ले गया। उसकी इस करतूत को एक व्यक्ति ने देख लिया था।
बता दें कि आतंकी संगठन आईएसआईएस ने सीरिया और इराक में काफी आतंक मचाया है और संगठन के लोगों ने हाल में बहुत से लोगों के सिर काटकर उनके वीडियो भी जारी किए थे।