सऊदी अरब में नौकरी के नाम पर ठगी करने का मामला हमेशा सामने आता है, फिर भी लोग झांसे में आ जाते है।
इसी तरह का एक मामला रामपुर में भी आया है। एक युवक को सऊदी अरब में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी की गई।
उसे वहां बंधक बनाकर मजदूरी कराई गई। साथ ही भूखा प्यासा भी रखा। इतना ही नहीं वहां उसे जेल में भी रहना पड़ा।
जेल से छूटने के बाद रामपुर पहुंचे पीड़ित ने कोर्ट की शरण ली और फिर कोर्ट ने इस मामले में एजेंट समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट के आदेश दिए हैं।
झूठे मुकदमे में फंसाकर भिजवाया जेल
मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के मुहल्ला कुंडा निवासी अय्यूब खां से जुड़ा हुआ है।
अय्यूब ने अपने अधिवक्ता नजर अब्बास के माध्यम से कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया है, जिसमें उसने कहा मुहल्ला अल्ला अट्टा हजरतनूर निवासी एक युवक का उसके घर आना जाना था।
उसने उसे सऊदी अरब में नौकरी दिलाने का झांसा दिया। साथ ही 95 हजार रुपये भी लिए। सऊदी अरब के शहर दम्माम चला गया।
यहां पर उसे एक शेख ने सड़क बनाने के पत्थर तोड़ने का काम सौंप दिया।
एजेंट पर भी धोखाधड़ी करने का आरोप
इस पर उसने इसकी शिकायत की तो उसके साथ मारपीट की गई और फिर उसे झूठे मुकदमे में फंसाकर उसे जेल भिजवा दिया।
किसी तरह वह जेल से छूटा और फिर वहां से वापस घर लौट आया। उसने एजेंट पर भी धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया।
कोर्ट ने इस मामले में एजेंट जुनैद व उसके दो साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए हैं। इससे पहले भी गाजियाबाद में करीब 150 लोगों को सऊदी अरब में नौकरी दिलाने के नाम पर 60 लाख रुपये से ज्यादा की ठगी का मामला सामने आया था।
कई महीने से परेशान घूम रहे ठगी के शिकार लोगों ने शनिवार को गाजियाबाद स्थित सम्राट प्लाजा से संचालित हो रहे कार्यालय पर हंगामा किया।