यूपी के मेरठ के पास खरखौदा इलाके में पुलिस ने करीब 25 करोड़ की चंदन की लकड़ी बरामद की है। महीने भर पहले हरियाणा पुलिस भी इस लकड़ी की तलाश में दबिश दे चुकी है। जानकारी लगते ही वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस को करीब 150 कुंतल लकड़ी बरामद हुई है।
खरखौदा-मोहिउद्दीनपुर मार्ग पर फत्तन सिंह त्यागी मार्केट स्थित श्रीजी टिंबर मर्चेंट के गोदाम पर मुखबिर की सूचना पर छापा मारा गया, जिसमें भारी मात्रा में लकड़ी बरामद हुई।
गोदाम पर मौजूद चौकीदार कस्बा निवासी अजय कुमार गुप्ता ने बताया कि दिल्ली के प्रीतमपुरा निवासी सुचित सिंघल पुत्र नरेंद्र सिंघल ने करीब पांच वर्ष पहले कारोबार की शुरूआत की थी। इस कारोबार में सुचित के साथ प्रीतमपुरा निवासी उसके रिश्तेदार सुशील अग्रवाल भी शामिल है। ये लोग पहले इमारती लकड़ी को लाए। फिर भारी मात्रा में चंदन की लकड़ी भी ले आए।
पुलिस के मुताबिक गोदाम मालिक ने बताया कि उन्होंने 12 हजार रुपये प्रति माह पर गोदाम किराए पर दे रखा है। पुलिस गोदाम मालिक और चौकीदार को साथ लेकर दिल्ली में लकड़ी मालिक के घर पहुंची तो जानकारी मिली कि लकड़ी मालिक के तार चंदन तस्करी से जुड़े हो सकते हैं।
वहीं खरखौदा के एसओ पीयूष दीक्षित का कहना है कि चंदन की लकड़ी की सूचना पर एक महीने पहले हरियाणा पुलिस ने दबिश दी थी। काफी तलाश करने के बाद चंदन की लकड़ी के गोदाम का पता नहीं लग सका था। तभी से पुलिस इसकी तलाश में लगी थी। पुलिस के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस चंदन की लकड़ी 25 करोड़ रुपये के करीब हो सकती है।