यूपी में बेखौफ बदमाशों ने एक और लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। बिजनौर में छह-सात बदमाशों ने बुधवार की रात रतनगढ़ गांव में डाका डाला। बदमाशों ने मकान में सो रहे दंपति को असलहों के बल पर बंधक बनाया और नकदी, कीमती जेवर और घर का सामान लूटकर फरार हो गए।
बदमाशों ने दंपति के साथ मारपीट भी की। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है। सीओ ने मौके का मुआयना कर घटना का शीघ्र खुलासा करने के निर्देश दिए।
गांव रतनगढ़ निवासी महेश कुमार का मकान नूरपुर-अमरोहा मार्ग पर बना है। बुधवार की रात में करीब तीन बजे छह-सात बदमाश दीवार फांदकर मकान में घुसे। कमरे की खिड़की पर लगी जाली तोड़कर अंदर सो रहे महेश, उसकी पत्नी गीता और दो बच्चों को शस्त्रों के बल पर बंधक बना लिया।