हरियाणा का रोहतक शहर। रोज की तरह शुक्रवार को भी बाजार में चहल-पहल।
अचानक शहर के रेलवे रोड पर स्थित एक ज्वेलरी शोरूम में तीन हथियारबंद बदमाश आए और देखते-देखते 10 मिनट में ही 20 लाख रुपये का सोना लूट ले गए।
विरोध करने पर ज्वेलर के बेटे पर हमला कर दिया। बदमाश पैदल आए और आसानी से पैदल ही निकल गए।
सरेआम भरे बाजार वारदात से शहर में पुलिस व्यवस्था पूरी तरह नाकाम साबित हो गई। बदमाशों को दबोचने के लिए चारों ओर नाकेबंदी की गई, लेकिन पुलिस हमेशा की तरह खाली हाथ रही।
दो युवक पिस्टल और तीसरा एक चाकू लेकर आया था
शुक्रवार रात 9 बजे सहगल गोल्ड ज्वेलरी शोरूम पर तीन युवक पैदल पहुंचे। सारी ज्वेलरी दुकान में रखी हुई थी। दो युवक पिस्टल और तीसरा एक चाकूनुमा तेजधार हथियार लिए हुए था।
आते ही दुकानदार संतराम से तिजोरी की चाबी मांगी। दुकानदार व कारिंदों ने चाबी देने से इंकार कर दिया। युवक ने उन पर पिस्टल तान दी। बाकी दो युवकों ने शो केस में रखी ज्वेलरी उठानी शुरू कर दी।
आसपास से लोग न आ जाएं यह सोच तीनों युवक करीब 700 ग्राम ज्वेलरी समेट भागने लगे तो ज्वेलर के बेटे देव ने एक बदमाश को पीछे से पकड़ लिया। दोनों गुत्थमगुत्था हो गए।
हाथापाई के दौरान दुकान में ही छूटी पिस्टल
अपने साथी को फंसता देख आगे भाग रहे दोनों बदमाशों ने वापस आकर देव को पीटना शुरू कर दिया और अपने साथी को छुड़ा लिया। बदमाशों ने देव पर बट से भी हमला किया।
हाथापाई में एक पिस्टल गिर गई। बदमाश पिस्टल लहराते हुए फरार हो गए। एसएसपी सौरभ सिंह के साथ पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पीड़ित ने बताया कि बदमाशों की शक्ल बड़े गौर से देखी है। सामने आने पर पहचान सकते हैं।
25 से 26 साल के लग रहे तीनों बदमाश ठेठ हरियाणवी में बातचीत कर रहे थे। अंदेशा है कि युवक लोकल होंगे। वे पैदल आए और पैदल फरार हो गए। माना जा रहा है कि युवक आसपास ही कहीं छिप गए होंगे।
गुस्साए ज्वेलर्स की पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी
संभावना है कि बदमाशों ने आसपास में कहीं अपना वाहन खड़ा किया होगा और उसी से फरार हो गए। जिस तरह बदमाश फरार हुए हैं, उससे लग रहा है कि वे मार्केट एरिया के जानकार थे। पहले रैकी कर पूरी जानकारी भी हासिल की।
गुस्साए ज्वेलर्स व दुकानदार रेलवे रोड पर जमा हो गए और पुलिस प्रशासन और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस के आश्वासन पर ही व्यापारी शांत हुए।
व्यापारियों ने बताया कि शनिवार को रेलवे स्टेशन के पास स्थित जैन जति धर्मशाला में बैठक होगी, इसमें एसएसपी को भी बुलाया गया है।
इससे पहले भी कई बार रेलवे रोड पर लूट व डकैती की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन न तो खुलासा हुआ और न सुरक्षा के इंतजाम किए गए। ज्वेलर राकेश और मनु बावा ने बताया कि इससे पहले सिंगला ज्वेलर्स पर करोड़ों की लूट हो चुकी है।
एसएसपी बोले, जल्द ही पकड़े जाएंगे बदमाश
जवाहर ज्वेलर्स की तिजोरी उड़ाई गई और सुनारों वाली गली में लूट की वारदात को अंजाम दिया गया था। सुरक्षा के नाम पर रेलवे रोड पर पुलिस पोस्ट तो बना दी गई है, लेकिन आज तक वहां पर कोई पुलिसकर्मी नहीं बैठता है।
लूट की घटना से आक्रोशित ज्वेलरों ने बाजार बंद करने की बात कही है। दुकानदारों का कहना है कि आए दिन इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। पहले भी वारदातें हो चुकी हैं। बता दें कि अकेले रेलवे रोड पर ही करीब छोटी और बड़ी मिलाकर करीब एक हजार दुकानें हैं, जबकि वहां 50 बड़े शोरूम हैं।
वहीं, एसएसपी सौरभ सिंह ने कहा कि वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों को छोड़ा नहीं जाएगा। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे व आसपास की दुकानों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही हैं। चारों ओर नाकेबंदी कर दी गई है। उम्मीद है जल्द ही बदमाश पकड़े जाएंगे।