जयपुर में नौ साल की बच्ची से बृहस्पतिवार को ऐसी हैवानियत का खुलासा हुआ कि सुननेवाले सभी हिल गए। सांगानेर क्षेत्र से लापता हुई बच्ची के साथ पड़ौसी ने दुष्कर्म किया था और उसका गला ब्लेड से चीरकर शव को मलबे में दबा दिया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, वह बच्ची को बाजार से खाने की चीज दिलाने का लालच देकर अपने साथ ले गया था।
पुलिस के अनुसार फर्नीचर का काम करनेवाले बच्ची के पिता ने गत सोमवार को घर से बाहर खेलते हुए उसके लापता होने की सूचना पुलिस को दी थी। बच्चों से पूछताछ में पता चला कि पड़ौस में रह रहे उत्तर प्रदेश स्थित फरूखाबाद निवासी सूरज जाटव (२२) के साथ उसे अंतिम बार देखा गया था।
पुलिस जांच में भी सूरज लगातार सहयोग कर रहा था। शक गहरा होने पर जब पुलिस ने उससे सख्ती से पूछा, तो उसने सारा मामले का खुलासा किया और पुलिस ने बृहस्पतिवार को उसे गिरफ्तार कर लिया।