टप्पल कस्बे में चार बच्चों के बाप ने ऐसी हरकत की है, जिससे इंसानियत भी शर्मसार हो गई। इस व्यक्ति ने अपनी ही नौ साल की बेटी संग दुष्कर्म किया और उसे लहूलुहान अवस्था में जंगल में छोड़कर भाग गया।
देर रात तलाशते हुए बाबा जंगल पहुंचा तो उसने नातिन की हालत देख समझते देर न लगी। इस संबंध में टप्पल पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और सोमवार को बच्ची को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
एसओ टप्पल के अनुसार पीड़ित बच्ची के बुजुर्ग बाबा द्वारा अपने ही बेटे के खिलाफ दर्ज कराए गए मुकदमे में कहा गया है कि शनिवार शाम उसका बेटा अपनी नौ साल की सबसे छोटी बेटी को चारा काटने के बहाने शाम को खेत पर ले गया।
जहां से काफी देर तक नहीं लौटा तो बाबा खुद दोनों को तलाशते हुए खेतों पर गया। जहां उसने देखा कि बच्ची खून से लथपथ पड़ी है और उसका बाप गायब है। इस पर वह बच्ची को लेकर घर आए और रात में ही पुलिस को खबर दी।
इसके बाद रविवार को पुलिस ने मुकदमे आदि की औपचारिकताएं पूरी कीं और सोमवार को बच्ची को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा। एसओ टप्पल के अनुसार आरोपी के खिलाफ उसके ही पिता ने मुकदमा दर्ज कराया है।
पुलिस आरोपी की सरगर्मी से तलाश कर रही है। इस मामले में डीआईजी सत्येंद्रवीर सिंह ने भी सख्त कार्रवाई के निर्देश एसओ टप्पल को दिए हैं।