दिल्ली के शकरपुर इलाके में लिव-इन-रिलेशन में रह रही एक महिला ने अपने दोस्त पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। आरोपी का नाम प्रदीप है।
शादी से इंकार करने पर पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने छानबीन के बाद शनिवार को प्रदीप को दबोच लिया। पुलिस के मुताबिक सरला (बदला हुआ नाम) शकरपुर इलाके में किराए के मकान में रहती है।
वह एक निजी कंपनी में नौकरी करती है। सरला शादीशुदा है, उसका अपने पति से तलाक हो चुका है। करीब एक साल पहले उसकी मुलाकात बिहार, समस्तीपुर निवासी प्रदीप से हुई।
शादी का वादा कर प्रदीप ने सरला के साथ रहना शुरू कर दिया। प्रदीप भी प्राइवेट नौकरी करता है। पीड़िता का आरोप है कि प्रदीप उसके साथ लगातार दुष्कर्म करता रहा।
सरला के मुताबिक बार-बार शादी की बात करने पर आरोपी शादी से इंकार करता रहा। परेशान होकर पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की।