रेप के बाद हत्या की जुर्म में पांच साल की सजा काटकर लौटे एक नाबालिग ने पीड़ित परिवार को धमकी दी है।
धमकी में कहा है कि तुम्हारी छोटी बेटी का भी वही हश्र होगा, जो तुम्हारी बड़ी बेटी के साथ हुआ था। इस धमकी से पूरा परिवार डरा-सहमा है।
टीओआई के अनुसार, शिवम (परिवर्तित नाम) ने 2007 में अपने पड़ोस में रहने वाली छह साल की लड़की की रेप के बाद हत्या कर दी थी। उसने उसके शरीर के टुकड़े-टुकड़े कर कुछ अंग सार्वजनिक शौचालय में फेंक दिया था।
पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया था। मामले की सुनवाई के बाद कोर्ट ने उसे बालिग मानते हुए मौत की सजा सुनाई थी।
मेडिकल जांच में वारदात के समय वह नाबालिग साबित हुआ। फिर दिल्ली हाईकोर्ट ने उसे नाबालिग होने की पुष्टि कर दी, जिसके तहत उसे बाल सुधार गृह में तीन साल की सजा दी गई। वह पहले ही जेल में पांच साल की सजा काट चुका था, लिहाजा उसे छोड़ दिया गया।
शिवम की धमकी देने के मामले पर दिल्ली पुलिस का कहना है कि जुवेलाइन जस्टिस एक्ट में बदलाव के लिए वे शिवम के मामले को सुप्रीम कोर्ट के समक्ष रखेंगे।
हालांकि जनवरी में पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने शिवम को गिरफ्तार कर लिया था। वह फिलहाल जमानत पर बाहर है। इसके बाद से पीड़ित परिवार छोटी बेटी की सुरक्षा को लेकर बेहद चिंतित है।
पीड़ित परिवार के एक रिश्तेदार मनोज ने बताया कि बिटिया का हत्यारा हमारे आस-पास ही रहता है, पुलिस और कोर्ट सुरक्षा के लिए कुछ नहीं कर रहा।
गौरतलब है कि शिवम का घर पीड़ित परिवार के घर से 100 मीटर की दूरी पर है।