पंजाब का राजू सिंह गैंग यूपी के एटीएम को निशाना बना रहा है। मुजफ्फरनगर के मीरापुर इलाके में एटीएम बूथ के सीसीटीवी कैमरे में कैद तस्वीर की पहचान हो गई है। इस गैंग को तलाशने के लिए एटीएफ की तीन टीमों को लगाया गया है। गैंग के संबंध में पुलिस को अहम सुराग मिले हैं लेकिन आरोपी अभी तक पकड़ में नहीं आया है।
कैंट के बीआई बाजार के बाद फरीदपुर में एटीएम काटकर लाखों उड़ा ले जाने वालों का पुलिस पता लगाने में नाकाम रही और इन मुकदमों की फाइलें ही बंद कर दी गईं। इसके बाद पासपोर्ट दफ्तर के पास एटीएम तोड़ने की कोशिश हुई।
इन घटनाओं के बाद एकता नगर में आठ अक्तूबर को बदमाशों ने एटीएम काट लिया लेकिन पुलिस अभी तक अंधेरे में हाथ-पैर मार रही है। एडीजी लॉ एंड ऑर्डर मुकुल गोयल ने एटीएम काटने वालों का पता लगाने के लिए बरेली, मेरठ और गाजियाबाद की एसटीएफ टीमों को लगाया है।
मुजफ्फरनगर के मीरापुर थाने के कैथोड़ा गांव का एटीएम राजू सिंह गैंग ने काटा था। एटीएम के सीसीटीवी के मिली धुंधली तस्वीर के आधार पर स्केच तैयार करा लिया गया है। तस्वीर से यह साफ हो गया है कि एटीएम राजू ने ही काटा है। राजू मूलरूप से पंजाब का रहने वाला है।
एसटीएफ के सूत्रों के मुताबिक राजू ने तिलकनगर दिल्ली में अपना ठिकाना बना रखा है। गैंग के अन्य बदमाशों में मेरठ के हस्तिनापुर निवासी हरमीत सिंह पंजाब के फिरोजपुर निवासी गुरमीत सिंह, लुधियाना निवासी पंकज कुमार व दिल्ली कल्याणपुरी निवासी मोहित कुमार शामिल हैं।
आईजी विजय सिंह मीना ने बताया कि स्थानीय पुलिस के अलावा एसटीएफ की टीमें संयुक्त रूप से एटीएम काटने की घटनाओं का खुलासा करने में लगाई गई हैं।