ट्रिपल आईटी के एसोसिएट प्रोफेसर सीवीएस शिवा प्रसाद ने एमटेक द्वितीय वर्ष की छात्रा के साथ जो कुछ करने की कोशिश की, उसे जानकर हर किसी का सिर शर्म से झुक जाएगा। मामला यूपी के इलाहाबाद का है।
एसोसिएट प्रोफेसर छात्रा से शारीरिक संबंध बनाने का दबाव तो डालता ही था, उसका नग्न चित्र भी बनाने की इच्छा रखता था। उसने छात्रा से एक दो बार नहीं बल्कि दर्जनों बार कहा था कि वह कम कपड़ों या नग्न अवस्था में उसके सामने आए ताकि वह उसका चित्र बना सके।
छात्रा ने एफआईआर में एसोसिएट प्रोफेसर की हरकतों का खुलासा किया है। छात्रा के मुताबिक शिवा प्रसाद उसे कमरे में अपने पास बैठाता था और बार-बार पीठ और हाथ को छूता था। जब उसने इससे इंकार किया तो धमकी दी कि उसकी जिंदगी को खराब कर देगा। शिवा प्रसाद ने 29 मई को दिल्ली जाने से पहले छात्रा के कंधे पर हाथ रखकर कहा था कि प्रोजेक्ट को पास कराना है तो ‘माइंड प्रिपेयर’ कर लो।
सामान गिराकर उठाने को कहता था
एसोसिएट प्रोफेसर शिवा प्रसाद की नापाक हरकतों को छात्रा साल भर सहती रही। छात्रा का आरोप है कि शिवा प्रसाद उसे अपने मेज के पास बिठाता था और बार-बार पीठ पर हाथ रखता था। वह जानबूझकर पेन, पेपर या किताब को गिराता और उसे उठाने के लिए कहता था। जब वह झुककर सामान उठाती तो वह उसे गंदी निगाह से उसे देखता था।
विदेश घुमाने और महंगे गिफ्ट का प्रलोभन
छात्रा ने एफआईआर में लिखाया है कि शिवा प्रसाद उससे शारीरिक संबंध बनाने के लिए प्रलोभन भी देता था। अच्छे नंबरों से पास करने का भरोसा तो उसको दिलाता था ही, विदेश घुमाने और महंगे गिफ्ट दिलवाने का वादा भी करता था। जब उसने इंकार किया तो कहा कि प्रोजेक्ट पूरा करने के बहाने वह उसको दिल्ली भी बुला सकता है। उसने बचने के लिए जल्द से जल्द प्रोजेक्ट पूरा किया तो एसोसिएट प्रोफेसर ने उसे दूसरा प्रोजेक्ट दे दिया। यह भी कहा कि वह उसको तब तक कहीं जाने नहीं देगा, जब वह उसकी इच्छाओं को पूरा नहीं कर देती। वह उसको शाम को छह बजे के बाद आफिस में बुलाता था और रात में 11 बजे के बाद फोन भी करता था।
पहले भी कर चुके हैं छात्राओं को परेशान
छात्रा ने 29 मई की शिवा प्रसाद की धमकी के बाद 30 मई को निदेशक को पत्र लिखकर पूरे मामले से तो अवगत करा अपना सुपरवाइजर भी बदलने का अनुरोध किया था। छात्रा का आरोप है कि शिवा प्रसाद पहले भी कई छात्राओं को परेशान कर चुका है।
छात्रा के साथ सामने रखी थीं तीन शर्तें, कहा एक चुन लो!
1. मेरे साथ वाराणसी चलो और होटल में एक रात बिताओ
2. काले शीशे लगी कार में मेरे साथ संगम तक सैर पर चलो
3. जब परिसर में सब सो जाएं तो रात में मेरे घर आ जाना
(सभी आरोप एफआईआर से लिए गए हैं)