बागपत के गब्बर कहे जाने वाले प्रमोद गांगनौली की मौत से उसका गैंग बुरी तरह से बौखलाया हुआ है। गैंग के सदस्य मुखबिरी करने वाले और मारने वाले की तलाश में अपने स्तर पर जुटे हुए हैं। बुधवार को मेरठ जेल से बागपत कोर्ट में पेशी पर आए गैंग के सदस्य अनिल ककड़ीपुर ने खुलेआम धमकी दे डाली।
चिल्ला-चिल्लाकर कहा कि प्रमोद राठी की मौत का बदला लेंगे, मारने वालों और उसकी जासूसी करने वालों को चुन-चुन कर मारेंगे। इससे विरोधियों में दहशत बढ़ गई है। पुलिस की भी टेंशन बढ़ गई है। रमाला के ककड़ीपुर गांव का अनिल, बुधवार की दोपहर बागपत कोर्ट में पेशी से लौट रहा था।
इसी दौरान मीडिया कर्मियों को देखते ही वह चिल्लाने लगा। बोला कि मैं प्रमोद राठी का भांजा हूं। प्रमोद की साजिश के तहत हत्या की गई है। प्रमोद की मौत से उसका गैंग आराम से बैठने वाला नहीं है। जिसने भी उसे मारा है। उनका पता लगा लिया जाएगा। हत्या करने वालों को चुन-चुन कर मारा जाएगा।
इस दौरान पुलिसवालों ने उसे बोलने से रोकने की कोशिश की। लेकिन उसने कहा कि जिसने भी प्रमोद को मारा है, उसने अच्छा नहीं किया। उसे जल्द ही इसका परिणाम मिल जाएगा।