मामला अमेरिका के इलेनोय शहर का है जहां न्यायधीश ने हाल ही में एक फोटो को सोशल मीडिया और अखबारों में जारी करने के निर्देश दिए जिसमे दो गोरे पुलिस अफसर एक अश्र्वेत व्यक्ति को बारहसिंगा के सींग पहना कर घुटने के बल बैठने को मजबूर करते नजर आ रहे हैं। शिकागो सन टाइम्स की खबर के मुताबिक यह तस्वीर कुछ साल पहले ली गई थी लेकिन इसकी सुनवाई अब जाकर हुई है।
तस्वीर में जो दो पुलिस वाले दिखाई दे रहे हैं उनकी पहचान जेरोम फिनीगन(बाएं) और टिमोथी मेकडरमॉट(दाएं) के रूप में हुई है। पिछले साल मेकडरमॉट को इसी फोटो के कारण शिकागो पुलिस बोर्ड द्वारा की गई 5-4 वोटिंग के आधार पर नौकरी से सस्पेंड कर दिया गया था। अपने कार्यकाल के दौरान 74 पुरस्कार जीत चुका मेकडरमॉट अब अपनी बर्खास्तगी के लिए अपील कर रहा है।
वहीं लूटपाट और घुसपैठ करने वाले पुलिस अफसरों के गिरोह का हिस्सा होने के जुर्म में फिनिगन 12 साल से जेल की सजा काट रहा है। एफबीआई की पूछताछ में फिनिगन ने बताया कि तस्वीर वाले व्यक्ति को चरस से भरे 20 बैग रखने के जुर्म में गिरफ्तार किया गया था और उसने उन्हें राइफल भी दी थीं। उन्होंने उसे जाने दिया था क्योंकि उसने पहले कोई जघन्य अपराध नहीं किया था।