फोटो पत्रकार गैंगरेप मामले के एक महीने के भीतर ही चारों आरोपियों के खिलाफ मुंबई पुलिस ने बृहस्पतिवार को कोर्ट में आरोपपत्र दायर कर दिया।
साथ ही मामले के पांचवें नाबालिग आरोपी के खिलाफ जुवेनाइल कोर्ट में भी अलग से चार्जशीट दायर की गई है।
23 वर्षीय पीड़ित लड़की के साथ 22 अगस्त को शक्ति मिल कंपाउंड में पांच लोगों ने उस समय सामूहिक दुष्कर्म को अंजाम दिया था, जब वह अपने दोस्त के साथ वहां की कुछ फोटो लेने गई थी।
चार्जशीट में आरोपियों के खिलाफ 376 डी (गैंगरेप), 377 (अप्राकृतिक कृत्य), 201 (सुबूतों को नष्ट करना) और 120 बी (आपराधिक साजिश) समेत आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मजिस्ट्रेट की कोर्ट के समक्ष दायर छह सौ पन्नों की चार्जशीट में पीड़िता के परीक्षण का ब्यौरा, 86 गवाहों के बयान, घटना स्थल से जुटाए गए फोरेंसिक साक्ष्य, डीएनए रिपोर्ट और फोन कॉल के रिकार्डों का उल्लेख किया गया है।