बदन पर खाकी पहनते वक्त उसने कसम खाई थी कि जान देकर भी देश की हिफाजत करेगा। देश को अपराधों और अपराधियों से बचाएगा। लेकिन वर्दी की मर्यादा को उसने दरकिनार कर दिया और खुद अपराधी बन बैठा।
महज एक लक्जरी कार का शौक पूरा करने के लिए खुद के घरवालों को परेशान किया। अगवा होने का नाटक किया और घर पर 20 लाख रुपए की फिरौती के लिए फोन करवा दिया।
सिपाही की इन करतूतों की बात हम नहीं, वो पुलिस वाले खुद ही कह रहे हैं जिन्होंने इस मामले की पड़ताल की है।
मामला यूपी के बागपत का है। बीते दिनों सिपाही रविंद्र अपने गांव ढ़िकौली से रहस्यमय ढंग से लापता हो गया था। सिपाही के घर पर फोन आया था कि रविंद्र को अगवा किया गया है। 20 लाख रुपए दे दो और उसे छुड़वा लो। मामले पर पुलिस ने एक्शन लिया तो मंगलवार की शाम रविंद्र नाटकीय ढंग से घर लौट आया।
पुलिस के मुताबिक अपहरण का सारा ताना-बाना सिपाही ने खुद रचा था। पुलिस के मुताबिक फिरौती की रकम से वह स्विफ्ट डिजायर कार खरीदना चाहता था।