उड़न दस्ते की टीम ने शनिवार को तलाशी के दौरान इलाहाबाद में बारा पावर प्लांट के नजदीक पांच लाख रुपए पकड़े। इलाहाबाद में बारा पावर प्लांट के नजदीक पुलिस ने एक युवक को पांच लाख रुपए के साथ पकड़ा है। पुलिस के उड़न दस्ते ने युवक की कार रोक कर तलाशी ली तो उसमें 2000 के नोटों की कुल तीन लाख व 500 के नोटों में 2 लाख रुपए की नकदी बरामद हुई।
जानकारी के मुताबिक चित्रकूट के बरगढ़ निवासी रामकृष्ण पाण्डेय पुत्र मुरलीधर पाण्डेय अपनी कार से जा रहे थे। इस दौरान इलाहबाद के बारा विधानसभा क्षेत्र में एनटीपीसी की पुलिया के नजदीक शनिवार शाम तकरीबन 5 बजे पुलिस ने उनकी कार को रुकवा लिया।
यूपी 70 सीएच 0011 नबंर की नैनो कार की चैंकिग ली तो उसमें पांच लाख रुपए बरामद हुए। युवक से पूछताछ की तो संदेहजनक जवाब मिला। इस पर उसे हिरासत में लेकर थाने ले जाया गया। वहां उसने बताया वह अपनी मां के इलाज के लिए पैसे ले जा रहा था।
बाद में मालूम चला कि वह पैसा माघ मेले में भण्डारे के लिए लेकर जा रहा था। जानकारी मिली है पुलिस अब युवक के खिलाफ सही सूचना न देने पर आवश्यक विधिक कार्यवाही करने जा रही है।