कस्बा के निकट एक युवक की गोली लगने से हुई मौत के बाद कस्बा नगर में बवाल फैल गया है। उत्तेजित लोगों की भीड़ तथा स्थिति तनाव पूर्ण बनते देख पुलिस अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ पहुंच गए हैं तथा स्थिति पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
शव को राजकीय अस्पताल के पोस्टमार्टम गृह में रखवा दिया गया तथा मौके पर एफएस सेल और चिकित्सक की टीम पहुंच चुकी है। उसका पोस्टमार्टम शुक्रवार प्रात: मेडिकल बोर्ड से किया जाएगा।
घटना में अभी कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है। घटना में घायल हुए पुलिसकर्मी का उपचार जारी है। गुरुवार को अपराह्न इस बात की सूचना मिली कि कुछ हथियार बंद बदमाश कस्बा के एक होटल पर बैठे हुये है। इस पर पुलिस टीम मौके पर गई तो ये वहां से भागने लगे।
पुलिस ने इनका पीछा किया तो इनमें से एक युवक ने तमंचे से फायर कर दिया। गोली पुलिस कर्मी के हाथ में लगी। सूचना पाकर मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल पहुंचा।
पुलिस टीम ने आसपास बाजरे के खेत में तलाशी शुरू की तो इनमें से ग्राम सुंदरावली निवासी युवक जीतराम (25) मृत अवस्था में पड़ा मिला तथा उसके पास ही एक तमंचा और कारतूस भी मिले।
परिजन बता रहे मुठभेड़ में मौत
पुलिस का कहना है कि उसने अपने को घिरा देखकर कनपटी पर तमंचे से गोली मारकर आत्महत्या कर ली जबकि परिवारीजनों का आरोप है कि जीतराम की मौत पुलिस मुठभेड़ में हुई है।
सायं लगभग चार बजे जैसे ही इस घटना की खबर फैली नगर में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई तथा भरतपुर से एसपी राहुल प्रकाश पुलिस टीम और एफएसएल टीम के साथ नगर पहुंच गए।
स्थिति की गंभीरता को देखते आसपास के पुलिस प्रशासन के अधिकारी और थानों की फोर्स भी यहां बुला ली गई। पुलिस ने कार्यवाही कर शव को अपने कब्जे में लिया।
घटना के बारे में मृतक पक्ष के लोगों का पुलिस पर आरोप है कि मुठभेड़ के दौरान इसकी मौत हुई है और जिस तरह के हालात नजर आ रहे हैं उसे देखकर पुलिस का कहना है कि उसने पुलिस पर फायर करने के बाद अपने को घिरा देख आत्म हत्या की है।
घटना की हो सकती है उच्चस्तरीय जांच
घटना की जानकारी मिलते ही नगर की विधायक अनीता सिंह भी यहां पहुंच गई और उन्होंने घटना के बारे में जानकारी ली। युवक के परिवारीजनों से मुलाकात करने के साथ ही इस संबंध में पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों से बातचीत की।
उन्होंने बाद में पत्रकारों को बातचीत में बताया कि प्रारंभिक तौर पर यह मामला मुठभेड़ का लगता है इस लिए इसकी उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए।
पुलिस का कहना है कि मृतक जीतराम के खिलाफ नगर पुलिस को वारदातों में शामिल होने की शिकायत मिली थी जिसके आधार पर उसे पकड़ने के लिए कार्यवाही की गई।
मृतक युवक हाल की नगर-डीग सड़क मार्ग पर एक ट्रक चालक के साथ की गई लूट और फायरिंग के मामले में भी नामजद था। इसके साथ ही पुलिस उक्त बदमाश पर वर्ष 2007 के मामलों में वारंट जारी होना बता रही है।