तीन किन्नरों ने विवाहित युवक का सरेआम अपहरण कर उसे किन्नर बना दिया। इस संबंध में पीड़ित ने रज्जन समेत तीन किन्नरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस ने रज्जन के मकान पर दबिश देकर वहां से एक किन्नर को हिरासत में लिया है।
मामला पुवायां (शाहजहांपुर) का है। क्षेत्र के गांव घनश्यामपुर निवासी 26 साल के इस युवक ने थाने में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में लिखा है कि 16 जनवरी को वह किसी काम से गांव कुंवरापुर गया था।
होश में आने पर पता चली हकीकत
इसी दौरान एक वाहन से निगोही रोड निवासी रज्जन किन्नर उसके पास आया। रज्जन ने दो साथियों के साथ उस पर हमला कर उसे बेहोश कर दिया।
26 जनवरी को होश आने पर पता चला कि वह शाहजहांपुर में रज्जन के वाहन में है। थोड़ी देर बाद उसे अहसास हुआ कि बेहोशी के दौरान उसका गुप्तांग काट दिया है।
विरोध करने पर उसे वाहन से उतार दिया और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। फिर युवक ने परिवार के लोगों को अपने बारे में बताया। परिजन उसे घर लाए और उसका इलाज कराया। युवक ने थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी।
पत्नी ने दी थी पति के गायब होने की तहरीर
पुलिस ने रज्जन सहित तीन किन्नरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर रज्जन के मकान पर दबिश दी। मकान में रज्जन नहीं मिला लेकिन यहां से एक अन्य किन्नर को हिरासत में लिया गया है।
उससे पूछताछ की जा रही है। बता दें कि पीड़ित की पत्नी ने पहले ही पुलिस को तहरीर देकर रज्जन पर पति को गायब करने का आरोप लगाया था, लेकिन पुलिस ने ध्यान नहीं दिया।
वहीं, सीओ बसंतलाल का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।