इलाहाबाद विश्वविद्यालय की एक छात्रा को मोबाइल पर लड़के से बातचीत बंद करना महंगा पड़ गया। छात्रा की इस हरकत से तिलमिलाए छात्र ने थाने में तहरीर देकर छात्रा का मोबाइल बंद करवा दिया।
इतना ही नहीं फर्जी आईडी पर छात्रा का फेसबुक अकाउंट खोलकर छात्रा के दोस्तों को धमकी भरे एसएमएस करने लगा। इतना ही नहीं एक दिन हॉस्टल से कोचिंग के निकली छात्रा को धमकी दी।
आखिरकार परेशान छात्रा कर्नलगंज थाने पहुंची और तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय की एक छात्रा महिला छात्रावास में रहती है।
फेसबुक पर डाली अश्लील पोस्ट, गंदे SMS
विश्वविद्यालय में उसकी जान पहचान धनंजय यादव नामक लड़के से थी। दोनों में मोबाइल पर भी बातचीत होती थी। इस बीच वह छात्रा के साथ गलत हरकत करने की कोशिश करने लगा। यह देख छात्रा ने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी।
छात्रा ने धनंजय से मोबाइल पर भी बातचीत करना बंद कर दिया। इससे धनंजय बौखला गया। उसने छात्रा को सबक सिखाने की ठानी। धनंजय ने छात्रा के मोबाइल खोने की रिपोर्ट दर्ज करवाकर उसका मोबाइल भी बंद करवा दिया।
इतना ही नहीं उसने फेक आईडी पर छात्रा का फेसबुक अकाउंट खोल लिया। उसने फेसबुक अकाउंट से चुराकर छात्रा की फोटो भी लगा दिया। इसके बाद छात्रा के दोस्तों को धमकी भरे एसएमएस और इधर-उधर की पोस्ट डालने लगा।
बीच रास्ते पर की शर्मनाक हरकत
छात्रा का आरोप है कि 31 जनवरी को छात्रा हॉस्टल से निकलकर कुछ दूर स्थित कोचिंग जा रही थी। तभी धनंजय ने छात्रा को घेर लिया और उसके साथ बदसलूकी करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
छात्रा का आरोप है कि धनंजय के पिता भी उसका सहयोग करते हैं। आखिरकार बाप-बेटे की करतूत से परेशान छात्रा ने कर्नलगंज थाने में धनंजय यादव और उसके पिता मुरली धर यादव के खिलाफ तहरीर दी।
पुलिस दोनों के खिलाफ गालीगलौज, जान से मारने की धमकी और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर तलाश रही है।