नौकरानी को प्रताड़ित करने की आरोपी एनआरआई महिला पर अब एक नाबालिग नौकर ने भी मारपीट करने और बंधक बनाने का आरोप लगाया है।
24 साल की नौकरानी व उसके पति को घर में बंधक बनाकर रखने और उनके साथ मारपीट करने के आरोप में गिरफ्तार आरती जैन (55) की मुश्किलें शुक्रवार को और बढ़ गईं।
16 साल के एक नौकर ने भी आरोपी महिला पर प्रताड़ना का आरोप लगाया। बृहस्पतिवार शाम को पीड़ित को एक अस्पताल से पुलिस ने मुक्त कराया।
नौकर के मुताबिक, महिला ने उसे अपनी बीमार मां की सेवा के लिए बंधक बनाकर रखा हुआ था। छोटी-छोटी बातों पर उसे पीटा जाता था। उसके शरीर पर चाकू से भी घाव किए गए। पांडव नगर थाना पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, मूलरूप से सुल्तानपुर (यूपी) का रहने वाला नाबालिग नौकर सिविल लाइंस इलाके में रहता है। उसके पिता वहां एक व्यवसायी के पास काम करते हैं। व्यवसायी के दिए हुए कमरे में ही परिवार रहता है।
परिजनों को फंसाने की धमकी
पीड़ित के मुताबिक, करीब दो माह पूर्व पिता के मालिक ने उसे मयूर विहार में आरती के पास रखवाया था। एक सप्ताह बाद ही आरती ने नाबालिग को पीटना शुरू कर दिया। उसे कई बार खाना भी नहीं दिया जाता था। उसकी मालकिन उसे घर में बंद कर बाहर चली जाती थी।
परिजनों ने जब बेटे को छुड़ाने का प्रयास किया तो उन्हें झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी गई। काफी समय से किशोर पांडव नगर इलाके के एक अस्पताल में आरती की मां की सेवा कर रहा है।
आरती ने पाले छह खूंखार कुत्ते
बुधवार को किसी तरह उसने मामले की सूचना अस्पताल के एक कर्मचारी के फोन से घर वालों को दी। बृहस्पतिवार को परिजन पहले मयूर विहार और बाद में पांडव नगर थाने पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने किशोर को अस्पताल से मुक्त कराया।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किशोर का मेडिकल कराकर मामला दर्ज किया जा रहा है। उसके शरीर पर चोटों के निशान मिले हैं। वहीं, जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि आरती ने छह खूंखार कुत्ते पाले रखे हैं। कुछ समय पूर्व उनके पड़ोसी ने भी थाने में कुत्ते से जबरन कटवाने की शिकायत की थी।