राजधानी में नौकरानियों को यातना देने के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। मयूर विहार में 24 साल की नौकरानी ने एनआरआई मालकिन पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है।
नौकरानी के मुताबिक, उसकी मालकिन ने उसे चार माह तक फ्लैट में बंधक बनाकर रखा और जुल्मों की सारी हदें पार कर दीं। बृहस्पतिवार को किसी तरह पीड़िता ने मामले की सूचना पुलिस को दी।
इसके बाद पुलिस ने उसे फ्लैट से मुक्त कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी महिला आरती जैन (55) को गिरफ्तार कर लिया है। आरती जैन मयूर विहार पॉकेट-सी में परिवार के साथ रहती हैं। कुछ समय पूर्व तक वे अमेरिका में रहते थे।
पति की मौत के बाद परिवार भारत लौट आया। करीब चार माह पहले आरती ने एक प्लेसमेंट एजेंसी से पश्चिम बंगाल की रहने वाली 24 साल की नौकरानी मंगाई। नौकरानी ने आरोप लगाया कि काम पर रखते ही उसकी मालकिन ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
उसे खाने को बासी खाना देती थी। विरोध करने पर उसे गर्म चीजों से जलाया जाता था। बाहर निकलने पर पालतु कुत्ता उसे काट लेता था। आरती ने बाहर किसी से शिकायत करने के लिए सख्ती से मना किया हुआ था।
उधर, आरती ने अपने पर लगे सारे आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उनके मुताबिक, उलटा नौकरानी ने उन्हें परेशान किया हुआ था।
फिलहाल शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने बंधक बनाकर मारपीट करने, जबरन काम कराने और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कर आरती को गिरफ्तार कर लिया है।