हर किसी की जिंदगी में शादी एक यादगार लम्हा होता है, और लोग अपने-अपने तरीके से इन पलों को हमेशा के लिए संजोने का प्रयास करते हैं, लेकिन इराक में एक जोड़े की शादी की पहली रात और ज्यादा यादगार हो गई जब इराक की स्पेशल फोर्स उनके घर पहुंच गई।
फोर्स ने उनके घर का दरवाजा तोड़ दिया। सामने पुलिस देखकर दुल्हन बेहोश हो गई। कमांडोज ने उसके पति को बताया कि उसे आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट का सदस्य होने के चलते गिरफ्तार किया जा रहा है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि वह आईएसआईएस का सीनियर मेंबर है। अज्ञात महिला की ओर से दी गई यह सूचना बाद में झूठ साबित हुई।
बदला लेने के लिए ये क्या कर बैठी 'पत्नी'?
डेली मेल के अनुसार, महिला ने बताया था कि वह शख्स मोसुल में बड़े आतंकी हमले की फिराक में है और बगदाद स्थित उसके घर में काफी विस्फोटक भी जमा है।
हालांकि मामले की तहकीकात में जुटी पुलिस को जल्द ही पता चल गया कि उसे फंसाया गया है और वह घर में अपनी नई पत्नी के साथ खुशियां मना रहा था। पुलिस के पहुंचने से कुछ घंटे पहले ही रिसेप्शन खत्म हुआ था।
पूछताछ के बाद शक होने पर पुलिस ने उस शख्स की पूर्व पत्नी को पकड़ लिया, जिसने खुलासा किया कि वह उससे बदला लेना चाहती थी, इसलिए झूठी कहानी रची। पुलिस ने उसे झूठी शिकायत करने और समय बर्बाद करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
दूसरा केस- जब बर्थ बना मुसीबत
बता दें कि यह घटना तब सामने आई है जब बर्थडे पार्टी के लिए अपने घर की खिड़कियों को सजाने वाले स्वीडिश जोड़े को भी आईएसआईएस का समर्थक समझकर उनके पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दे दी।
दरअसल, सारा एरिक्शन अपना 21वां जन्मदिन मना रही थी। उसने गुब्बारों पर 21 लिखवाया था और उन्हें सजा दिया, लेकिन उसके पड़ोसियों और वहां से गुजरने वालों ने 21 को 'IS' समझ लिया।
सारा के प्रेमी फैबियन एकेसन ने खिड़की से देखा कि उसके घर के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस जमा है। तभी दरवाजे पर दस्तक हुई। घर में पहुंची पुलिस को उन्होंने सफाई दी तब जाकर बात बनी, लेकिन फिर भी उन्हें खिड़की से गुब्बारे हटाने पड़े।