सीखा हुआ हुनर कभी खराब नहीं होता है। ऐसा ही कुछ साबित किया है चेंबूर के रहने वाले नितिन यादव ने। जो पिछले 25 सालों से अपने स्कैच के जरिए अपराधियों को पकड़ने में मुबंई पुलिस की मदद कर रहे हैं।
पिछले सप्ताह मुबंई में एक महिला फोटोजर्नलिस्ट के साथ हुए सामूहिक दुराचार के बाद अपराधियों को पकड़ने में नितिन यादव के बनाए स्कैच ने बहुत ही महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
द हिंदू के मुताबिक इस केस में अपराधियों के स्कैच तैयार करने के लिए रात में दो बजे पुलिस ने नितिन को फोन किया था। रात में फोन आने पर नितिन की पत्नी वैशाली उन्हें जाने नहीं देना चाहती थीं। क्योंकि कुछ दिन पहले ही उनके बनाए हुए स्कैच पर शहर के ही एक राजनेता ने धमकी दी थी।
चेंबूर एजुकेशन सोसायटी में ड्राइंग के शिक्षक नितिन पिछले 25 वर्षों से पुलिस के लिए अपराधियों के स्कैच तैयार कर रहे हैं। उनके स्कैच की मदद से कम से कम 150 अपराधी पकड़े जा चुके हैं।
इस काम के लिए वह पुलिस से कोई फीस भी नहीं लेते हैं। नितिन ने बताया कि जब मैंने पढ़ाना शुरू किया था तब मेरी सैलरी 3200 रुपए थी। आज मेरी सैलरी 40,000 रुपए है।
नितिन ने बताया कि जब उन्होंने शुरूआत की थी तब उन्हें 2.30 घंटे का समय एक स्कैच तैयार करने में लगता था। पर अब स्कैच तैयार करने के लिए एक स्पेशल बुक बना ली है। इसके आधार पर स्कैच तैयार कर लिया जाता है।
नितिन अपनी पत्नी वैशाली के साथ घर पर 100 रुपए में लोगों को ड्राइंग सिखाते हैं।