चंबल के बीहड़ में आतंक का पर्याय बन चुके डाकू धारा सिंह को आगरा की एसटीएफ ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। धारा सिंह ने यूपी, राजस्थान और मध्य प्रदेश की पुलिस की नाम में दम कर रखा था। उस पर 50 हजार रुपए का इनाम था।
सूत्रों के मुताबिक, धारा सिंह को एसटीएफ ने अहमदाबाद से पकड़ा है। फिलहाल उसे यूपी के फतेहपुर सीकरी थाने में ले जाकर पूछताछ की जा रही है।
पढ़ें- SSP मंजिल सैनी पर लगाया हत्या का आरोप, 3 करोड़ में सौदा
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2010 में धारा सिंह ने यहां के एक बर्तन कारोबारी अनिल कसेरे के दो पुत्रों का अपहरण कर लिया था। इस डाकू का आतंक नेशनल हाइवे के टोल बूथों पर भी था।
आरोपी डाकू आगरा के इरादतनगर थाना क्षेत्र के डुईपुरा का रहने वाला है। उस पर डकैती, फिरौती और अपहरण के कई मामले दर्ज हैं और वह कई मामलों में वांछित था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पर एमपी के मुरैना जिले में 7 मामले दर्ज हैं और उस पर 25 हजार का इनाम है। गिरफ्तारी से पहले वह अहमदाबाद में एक व्यापारी को अपहरण की फिराक में था। वह व्यापारी को अगवा करके 3 करोड़ की फिरौती मांगने वाला था।
आईजी आरएस मीणा ने डाकू की गिरफ्तारी पर आगरा पुलिस को बधाई देते हुए कहा कि उन्हें कई मामलों में आरोपी की तलाश थी। पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है।