आठ साल का वो मासूम स्टेशन पर अपनी मां से बिछड़ गया। रोते-बिलखते बच्चे को देख एक महिला उसे अपने साथ ले गई। लेकिन बाद में जो हुआ वो दिल दहला देने वाला है। बच्चे को अपने साथ ले जाने वाली महिला ने भीख मांगने पर मजबूर किया। और जब उसकी डिमांड पूरी नहीं हुई तो बच्चे हाथों में मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी।
बेहद चौकाने वाला ये मामला यूपी के आगरा का है। चाइल्ड लाइन के मुताबिक रेलवे ग्वालियर स्टेशन पर मां से बिछड़ने पर पीड़ित बच्चे को एक महिला आगरा ले आई। इसके बाद उससे भीख मंगवाने लगी। भीख मांगने से मना करने पर उसे यातनाएं देने लगी। पीड़ित बच्चें ने आगरा कैंट स्टेशन पर चाइल्ड लाइन को बताया कि उसने भीख मांगने से मना किया तो हाथ जला दिए गए।
संस्था के सदस्यों ने जीआरपी के अधिकारियों को मामले से अवगत कराया। आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर चाइल्ड लाइन सदस्य को 15 फरवरी को मासूम मिला था। उसने खुद को ग्वालियर का रहने वाला बताया। चाइल्ड लाइन कोआर्डिनेटर नरेंद्र परिहार ने बताया कि काउंसलिंग के दौरान बालक ने बताया कि वह कुछ समय पूर्व अपनी मां के साथ यात्रा कर रहा था। रेलवे स्टेशन पर वह बिछड़ गया था। इस बीच उसे सीमा नाम की महिला मिली।