फतेहपुर में कार सवार तीन शोहदों ने स्कूल जा रही कक्षा आठ की छात्रा को रास्ते से अगवा कर लिया। उसे सिपाही के घर घसीट ले गए और उसके साथ गैंगरेप किया।
छात्रा की चीख-पुकार पर मकान मालिक सिपाही और अन्य किरायेदारों के पहुंचते ही आरोपी भाग निकले। सूचना पर पहुंचे स्कूल के टीचर बदहवास हालत में छात्रा को स्कूल ले गए।
प्रबंधक की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने छात्रा को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर तीनों आरोपियों को तलाश रही है।
घटना शहर कोतवाली क्षेत्र की है। गुरुवार सुबह छात्रा साइकिल से स्कूल जा रही थी। रास्ते में आई टेन कार सवार तीन युवक उसे सरेआम अगवा कर ले गए। गोपालनगर में सिपाही एमपी सिंह के घर ले जाकर तीनों ने उसके साथ रेप किया।
उनमें एक आरोपी सिपाही के यहां किरायेदार बताया जाता है। सिपाही इस समय झांसी में तैनात है, लेकिन घटना के समय घर पर ही था। छात्रा की चीख सुनकर सिपाही और अन्य किरायेदार मौके पर आ गए।
इस बीच तीनों आरोपी भाग खड़े हुए। किरायेदारों से घटना की सूचना मिलते ही स्कूल के टीचर वहां आकर बदहवास छात्रा को स्कूल ले गए।
घटनास्थल से मिली अश्लील सामग्री
कॉलेज प्रबंधन की सूचना पर पुलिस अधीक्षक शिव सागर सिंह, कोतवाली प्रभारी राजीव द्विवेदी मौके पर पहुंच गए। छात्रा को घटनास्थल पर ले जाकर छानबीन की गई। शाम पांच बजे जिला महिला अस्पताल में उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया।
एसपी ने बताया कि छात्रा के भाई की तहरीर पर पुलिस ने विपिन शिवहरे और उसके दो अज्ञात साथियों के खिलाफ अपहरण व दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया है। विपिन गाजीपुर क्षेत्र के फुलवामऊं ग्राम प्रधान रमाकांत शिवहरे का सगा भाई है।
सीओ सिटी वंदना सिंह ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल से अश्लील सामग्री बरामद की है। आरोपियों ने उसे सिपाही के घर के पीछे फेंक दिया था। देर शाम सीओ सिटी ने मकान मालिक सिपाही से किरायेदार के संबंध में फोन पर पूछताछ की कोशिश की।