नाबालिग लड़की महीने भर पहले ननिहाल आई थी। लेकिन उसे मालूम न था कि वह कुछ युवकों की साजिश का शिकार बन जाएगी।
चार युवकों ने अगवाकर उसे आठ दिनों तक बंधक बनाए रखा और उसे अपनी हवस का शिकार बनाया।
मंगलवार रात पुलिस ने जब पीड़िता को फतेहपुर जिले के एक गांव से बरामद किया तब उसने ये आरोप लगाए। शिकायत पर पुलिस ने उनमें से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
एसओ ने बताया कि पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। घटना की छानबीन की जा रही है। मामला उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी जिला का है।
बताया जाता है कि आठ अक्टूबर की शाम सीमा (परिवर्तित नाम) अचानक लापता हो गई। खेत की ओर गई सीमा देर रात तक घर नहीं लौटी तो परेशान परिजन खोजबीन में जुटे, लेकिन कहीं सुराग नहीं लगा।
अगले दिन सुबह इसकी तहरीर पश्चिम शरीरा थाने में दी गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर ली थी। मंगलवार रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने फतेहपुर जिले के नरैनी गांव में दबिश देकर उसे बरामद किया।
घटना संदिग्ध
पूछताछ के दौरान सीमा ने बताया कि पश्चिम शरीरा क्षेत्र के ही चार युवक उसे अगवा कर ले गए और बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म किया।
एसओ केपी दूबे ने बताया कि गैंगरेप की घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। एसओ के मुताबिक एक युवक ने उसके साथ जबरदस्ती की है, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है।