मेरठ के जाकिर कॉलोनी में प्रेम प्रसंग के चलते एक छात्र की ईंटों से कुचलकर निर्मम हत्या कर दी गई। किशोर छात्र 48 घंटे से लापता था। बृहस्पतिवार दोपहर उसका शव मोहल्ले के ही एक खाली प्लॉट में पड़ा मिला। दीवारों पर खून के छींटे थे। उसका जबड़ा भी पेंचकस से उखाड़ा गया था।
जाकिर कॉलोनी निवासी औरंगजेब (17) पुत्र नाजिम अली छठवीं का छात्र था। मंगलवार शाम से वह लापता था। कहीं पता न लगने पर परिजनों ने बुधवार को थाने में सूचना दी। बृहस्पतिवार को एक महिला ने खून से लथपथ शव प्लॉट में देखा तो उसकी चीख निकल गई। उसने शोर मचाया तो भीड़ लग गई।
जानकारी मिलते ही पुलिस और परिजन भी मौके पर पहुंचे। लोगों ने हंगामा किया तो पुलिस ने उन्हें शांत कराया। पुलिस के मुताबिक औरंगजेब का पड़ोस की युवती से प्रेम प्रसंग था।
हत्या के वक्त आपत्तिजनक हालत में था युवक
युवती के परिजनों ने प्लॉट में दोनों को आपत्तिजनक हालत में देखने के बाद इतनी बेरहमी से मार डाला। पुलिस ने घटनास्थल से सुबूत जुटाए और परिजनों के बयान भी दर्ज किए। वहीं पुलिस ने तीन लोगों को पूछताछ के लिए उठाया है।
पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में औरंगजेब की हत्या ईंट से कुचलकर हुई। आरोपियों ने उसका जबड़ा पेचकस से उखाड़ा। वारदात में पुलिस ने डॉग स्क्वायड और फिंगर एक्सपर्ट से भी जांच कराई।
पुलिस को अंदेशा है हत्या में तीन से चार लोग शामिल हो सकते है। कार्यवाहक एसओ लिसाड़ीगेट राजकुमार दिवाकर ने बताया कि घटनास्थल और छात्र का शव देखने से लगता है कि वह आपत्तिजनक स्थिति में था।
पिता ने किया बेटे के प्रेम प्रसंग का जिक्र
पुलिस ने देर रात हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग होना बताया। पुलिस का कहना है कि औरंगजेब के पिता नाजिम कानपुर में कपड़े का काम करते हैं।
परिजनों ने कहा था नाजिम के आने के बाद तहरीर दी जाएगी। देर रात नाजिम ने पड़ोसी चार युवकों के खिलाफ तहरीर दी। उन्होंने भी प्रेम प्रसंग का जिक्र किया है। औरंगजेब आठ भाई बहनों में सबसे बड़ा था।
सीओ कोतवाली रूपेश कुमार ने बताया कि मामला प्रेम प्रसंग का था। छात्र के परिजनों ने देर रात थाने में तहरीर दी है। आरोपियों के गिरफ्तार होने के बाद ही वारदात की असलियत का पता चलेगा।