उपनगरीय इलाके कांडीवाली में एक मौलवी को एक टीवी अभिनेत्री से रेप करने और अभिनेत्री को भूतप्रेत के प्रभाव से मुक्त करने के बदले 25.70 लाख रुपये का चूना लगाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
चारकोप पुलिस के मुताबिक 35 वर्षीय आरोपी इस्माइल कासिम खान को 27 वर्षीय अभिनेत्री की शिकायत पर गिरफ्तार किया गया। मौलवी ने पीड़िता से कहा था कि उसके ऊपर भूत का प्रभाव है।
70 हजार रुपए भी ऐंठे
खान का 60 वर्षीय साथी भगवान दास अब भी फरार है। अभिनेत्री ने शिकायत की है कि वह लगातार मानसिक और शारीरिक तनाव से ग्रस्त चल रही थी, तभी पिछले साल जून में उसका संपर्क भगवान दास से हुआ।
इसके बाद भगवान दास ने अभिनेत्री को बुरी आत्मा के प्रभाव से मुक्त कराने से लिए उससे 70 हजार रुपये ऐंठ लिए। इसी बीच उसने अभिनेत्री का परिचय खान से करवाई।
एक साल से कर रहा था शोषण
खान ने भी उसे बुरी आत्मा के प्रभाव से मुक्त कराने के लिए कई धार्मिक कृत्य करवाए और अभिनेत्री को शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर किया। खान ने भी विभिन्न तरीके से अभिनेत्री से 25 लाख रुपये ऐंठ लिया।
बाद में अभिनेत्री को अहसास हुआ कि उसे धोखा दिए जाने के साथ उसका करीब एक साल से शारीरिक शोषण किया जा रहा है। इसके बाद अभिनेत्री ने शुक्रवार को पहली बार चारकोप पुलिस थाने में मामला दर्ज करवाया।
पुलिस की हिरासत में आया आरोपी
पुलिस ने उसी दिन खान को खोज निकाला। खान को अदालत में पेश किया गया जहां से उसे 16 मई तक के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
खान पर रेप के साथ यौन अपराध और धोखाधड़ी और दास के खिलाफ केवल धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है।