सनसनीखेज शीना हत्याकांड में मुंबई पुलिस की पूछताछ में चौकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। पुलिस को हत्या की मुख्य आरोपी इंद्राणी के ड्राइवर से रिमांड के दौरान जो जानकारी हासिल हुई उससे हत्या के पूरे रहस्य का पर्दा उठ गया है।
इंद्राणी के ड्राइवर श्यामवर राय ने पुलिस को बताया कि है कि शीना बोरा का गला इंद्राणी के पूर्व पति संजीव खन्ना ने दबाया है इंद्राणी ने नहीं। गौरतलब है कि इंद्राणी ने अपने ड्राइवर और पूर्व पति संजीव खन्ना के साथ मिलकर ही अपनी बेटी के हत्या की साजिश रची थी।
ड्राइवर श्यामवर ने बताया कि इंद्राणी ने उससे कहा वह कई सालों से उसके परिवार को पाल रही है इसलिए उसका भी कुछ फर्ज बनता है कि उसके लिए कुछ करे।
आरोपी ड्राइवर श्यामवीर जब उसके लिए कुछ करने को राजी हो गया तो इंद्राणी ने अपने पूर्व पति संजीव खन्ना को मुंबई बुलाया। ड्राइवर ने इस जानकारी के अलावा पुलिस को कई और राज भी बताएं हैं।
हत्या करने से तीन दिन पहले की थी रेकी
इंद्राणी के ड्राइवर श्यामवर ने हत्या के दिन और आसपास के दिनों इंद्राणी और उसके सहयोगियों की ओर से बनाई जा रही योजनाओं का पूरा खाका पुलिस को दिया है। उसने बताया कि वह जब हत्या में शामिल होने के लिए तैयार हो गया तो इंद्राणी ने संजीव खन्ना को बुलाया और उसे वर्ली के हिलटॉप होटल में ठहराया।
इसके बाद संजीव, इंद्राणी और श्यामवर तीनों ने 23 अप्रैल 2012 को हत्या किए जाने लायक जगहों की रेकी की। इस रेकी या पड़ताल में यह पता लगया गया कि मुंबई से रायगढ़ के जंगल में जाने व वहां से आने में कितना समय लगेगा और उसकी दूरी कितनी है। रेकी में यह भी पता लगया गया कि कार जंगल में कितना अंदर तक जा सकती है।
इसके बाद रायगढ़ से रेकी कर वापस आने के बाद इंद्राणी संजीव के साथ हिलटॉप होटल में चली गई। जहां अगले दिन शाम को हत्या को अंजाम देने की योजना बनी। उसने बताया कि अगले दिन शाम को करीब सात बजे घटना को अजाम दिया गया।
एक दिन तक बैग में भरकर रखी लाश
मुंबई मिरर के अनुसार, योजना बनाने के अगले दिन 24 अप्रैल 2012 को बांद्रा में जाकी शोरूम के पास मिलने के लिए बुलाया। इसके बाद शीना के ब्वॉयफ्रेंड राहुल ने उसे अपनी कार से वहां पर छोड़ने आया तो इंद्राणी ने शीना को अपनी कार में बैठाते हुए राहुल को वापस जाने के लिए कहा। और यही वह मोड़ था जहां पर हत्या के रहस्य की गुत्थी उलझ गई।
ड्राइवर श्यामवर राय के अनुसार, इसके बाद कार में बैठे संजीव ने शीना का गला दबा दिया। हलांकि संजीव ने पुलिस को बताया है कि शीना को अगवा करने के बाद वह कार में सो गया था इसके बाद जब वह जगा तो शीना उसे मृत मिली थी। इसके बाद पुलिस अब तीनों को आमने सामने बैठाकर पूछताछ करने का विचार किया है।
श्यामवर ने आगे पुलिस को बताया कि शीना का गला घोटने के बाद उसके शव को एक बैग में भरकर कार की डिग्गी में रख लिया गया। उसने कहा यह शव पूरे दिन कार में ही रखा रहा। लाश से भरी कार कार वर्ली में पीटर मुखर्जी के फ्लैट के गैरेज में खड़ी की गई जो एक दिन तक वहां खड़ी रही।
इसके बाद पीटर के घर कार छोड़ने के बाद खन्ना और इंद्राणी फिर हिलटॉप होटल वापस चले गए।
अगले दिन पत्थरों से कुचलकर फेंकी लाश
ड्राइवर ने बताया कि हत्या के अगले दिन इंद्राणी ने उसे सुबह पांच बजे हिलटॉप होटल बुलाया। और फिर तीनों वहां से रायगढ़ के जंगल में जाकर फिर वह जगह देखी जहां पर लाश को फेंका जा सकता था और फिर वहां शीना का चेहरा पत्थर से कुचल कर उसे जला दिया गया। ताकि शव की पहचान न की जा सके।
आरोपी ड्राइवर के अनुसार जिस बैग में भरकर वो लाश को ले गए थे उसे नहीं जलाया था। लाश को ठिकाने लगाने और सबूतों को जलाने के बाद तीनों मुंबई वापस आ गए। इसके बाद संजीव खन्ना कोलकाता लौट गए और इंद्राणी श्यामवर राय पहले की तरह ही अपने काम में लग गए।
मुंबई पुलिस कमिश्नर राकेश मारिया का कहना है कि बाकी हाईप्रोफाइल आरोपियों से भी जल्द ही इस मामले में पूछताछ की जाएगी।