फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पुलिस भी असुरक्षित, थाने पर हमला, संतरी की मौत

Fri, 26 Feb 2016 07:00 PM IST
ब्यूरो/ अमर उजाला, प्रतापगढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
न कानून का डर, पुलिस का खौफ, वो मोटरसाइकिल से आए और पुलिस थाने पर ही धुआंधार बमबाजी और गोलीबारी शुरू कर दी। करीब 15 मिनट तक गोलियों के तड़तड़ाने की आवाज आती रही। पुलिसवाले कैदियों की बैरकों में दुबकने को मजबूर हुए। एक संतरी की मौके पर ही मौत हो गई। यूपी में बदमाशों से अब पुलिस भी महफूज नहीं है।
विज्ञापन


यूपी के प्रतापगढ़ के मानिकपुर में बदमाशों ने करीब आधीरात के वक्त पुलिस थाने पर हमला बोल दिया। बेखौफ बदमाशों ने एसओ को ललकारते और गालियां देते हुए अंधाधुंध बमबाजी के साथ फायरिंग की। विरोध करने पर थाने के 55 वर्षीय संतरी होमगार्ड महादेव प्रसाद मिश्र की गोली मारकर हत्या कर दी।

बदमाशों ने करीब 15 मिनट तक पचासों राउंड फायरिंग और बमबाजी कर पूरे इलाके को दहला दिया। थाने और बैरक में मौजूद पुलिसकर्मी दुबक गए।

भोर में दबिश देने पहुंची पुलिस पर बदमाशों ने फिर फायरिंग शुरू कर दी।

हालांकि घेराबंदी कर पुलिस ने दो आरोपी बदमाशों को पिस्टल और कारतूसों के साथ धर दबोचा। खबर मिलने पर आईजी, डीआईजी समेत आला अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
विज्ञापन


पोस्टमार्टम के बाद पुलिस लाइन में संतरी के शव को सलामी देकर परिजनों के हवाले कर दिया गया।

अंजाम भुगतने की धमकी दी और हमला बोल दिया

मानिकपुर एसओ परमेंद्र सिंह ने बुधवार दिन में मोबाइल लूट के मामले में एक दुकानदार को लालगोपालगंज से उठाया था। उसने घटना में शामिल कुछ बदमाशों के नाम बताए थे। शाम करीब पांच बजे बदमाशों ने एसओ को फोन कर धमकाया और दुकानदार को दो घंटे के भीतर न छोड़ने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी थी।

इस पर एसओ ने उन्हें हड़काकर फोन काट दिया। रात करीब साढ़े ग्यारह बजे एसओ को गोली मारने के लिए दुस्साहसिक छह बदमाश दो बाइकों से मानिकपुर थाने पहुंच गए। बदमाशों ने बमबाजी और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।

बेखौफ बदमाशों ने करीब 10-15 बम थाने की दीवारों पर दे मारे। थाने के गेट पर राइफल लेकर बैठे संतरी होमगार्ड महादेव प्रसाद मिश्र निवासी भरतपुर थाना संग्रामगढ़ ने विरोध किया तो उसे गोली मार दी। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

थाने का मुंशी आलोक श्रीवास्तव और होमगार्ड प्रदीप कुमार शर्मा अपनी जान बचाने के लिए कार्यालय का दरवाजा बंद कर कोने में छिप गए। मंदिर पर बैठकर रखवाली कर रहा चौकीदार वहां से भाग निकला। करीब पंद्रह मिनट तक बदमाश थाने के भीतर घुसकर फायरिंग करते रहे।
विज्ञापन

2 आरोपी दबोचे गए

इस दौरान एसओ और उनके हमराही बैरकों में रहे। करीब पचास राउंड फायरिंग के बाद बदमाश आराम से वहां से भाग निकले। एसओ ने तत्काल आला अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। थाने के संतरी की गोली मारकर हत्या की खबर मिलते ही पुलिस अधीक्षक एमपी वर्मा, एएसपी दिनेश सिंह, सीओ कुंडा कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।

जानकारी लेने के बाद पुलिस संदिग्धों की धरपकड़ के लिए निकल पड़ी। रात में ही डीआईजी और आईजी भी पहुंच गए और मातहतों से जानकारी ली। इस मामले में एसओ प्रमेंद्र की तहरीर पर बालकृष्ण मिश्रा उर्फ बाले पुत्र सज्जनलाल निवासी बछरौली थाना हथिगवां, इमरान पुत्र हारून निवासी नजा का पुरवा बछंदामऊ हथिगवां, शिवा उर्फ शिवमणि तिवारी निवासी प्रतापपुर चेरगढ़ संग्रामगढ़ और तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।

गुरुवार भोर में आरोपियों की तलाश में निकली पुलिस को जानकारी मिली कि हमलावार इलाहाबाद जनपद के नवाबगंज थाना क्षेत्र के लालगोपालगंज के पास मौजूद हैं। इस पर पुलिस वहां पहुंच गई। इस बीच बाइक सवार दो बदमाश आते दिखे। पुलिस ने पकड़ने का प्रयास किया तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। हालांकि पुलिस ने घेराबंदी कर विकास मिश्र निवासी अंतू और शिवा उर्फ शिवमणि तिवारी को धर दबोचा।

उनके पास से दो पिस्टल और कारतूस बरामद हुए। पुलिस उनसे पूछताछ करने के बाद फरार साथियों की तलाश में दबिश दे रही है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें