ज्योति हत्याकांड के अभियुक्त पीयूष श्याम दासानी और मनीषा मखीजा को जेल में घर जैसी सुविधाएं मिल रही हैं। मनीषा को घर का खाना दिया जा रहा है। महिला बैरक में नया कमोड लगा मिला। पीयूष के सामान के साथ बिस्कुट और नमकीन के पैकट मिले हैं।
विज्ञापन
मंगलवार को डीएम डॉ. रोशन जैकब, एसएसपी केएस इमैनुअल, एडीएम सिटी अविनाश सिंह और एसपी ट्रैफिक मनीराम ने इनके बैरकों में छापा मारा तो इस बात का खुलासा हुआ है। रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी।
जिलाधिकारी ने महिला बैरक में पहुंचकर बंदियों से बात की। एक महिला बंदी को अलग ले जाकर डीएम ने बात की तो उसने बताया कि मनीषा मखीजा को घर का खाना दिया जा रहा है। महिला बैरक में लगाया गया नया कमोड मिला है।
विज्ञापन
बाद में अफसर पीयूष की मुलाहिजा बैरक में पहुंचे। चूंकि पीयूष पुलिस कस्टडी रिमांड पर है। इसलिए वह जेल में नहीं मिला। लेकिन उसके सामान के साथ नमकीन और बिस्कुट के पैकेट समेत अन्य खाद्य सामग्री मिलीं। इस बैरिक में भी कई बंदियों के बयान लिए गए। कुछ ने दबी जुबान में पीयूष को सुविधाएं दिए जाने की बात बताई।
मोबाइल पर बात करते हैं मनीषा-पीयूष
पीयूष और मनीषा जेल में गुपचुप तरीके से अपने परिजनों-करीबियों से मोबाइल पर बात करते हैं। इसकी भनक मिलने पर पुलिस अफसरों ने पड़ताल शुरू कर दी है। हालांकि मंगलवार को डीएम-एसएसपी के जेल और मनीषा की बैरक का निरीक्षण करने में कोई मोबाइल या सिम कार्ड नहीं मिला।
पुलिस अफसरों का कहना है कि जेल में बंद मुखबिरों के जरिए पीयूष और मनीषा के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी।
वहीं, इस हाईप्रोफाइल ज्योति हत्याकांड के हत्यारोपियों को जेल में सुख-सुविधाएं मुहैया कराए जाने से ज्योति के परिवार वाले खासे नाराज हैं। पिता शंकर लाल नागदेव का कहना है कि वह मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और कारागार मंत्री से शिकायत करेंगे। उन्होंने सीएम से मुलाकात का समय मांगा है। उम्मीद है कि जल्द ही समय मिल जाएगा।
जबलपुर से शंकर लाल नागदेव ने अमर उजाला से फोन पर बातचीत में बताया कि उन्हें मीडिया के माध्यम से मनीषा माखीजा को जेल में सुख-सुविधाएं मिलने का पता चला है। कमोड, रूम स्प्रे, परफ्यूम, मासक्यूटो क्वायल जैसी चीजें मुहैया कराई जा रही हैं। मनीषा और पीयूष के लिए हर दिन घर का खाना जेल के भीतर जा रहा है।
ज्योति की हत्या वाला चाकू बरामद
ज्योति श्याम दासानी की हत्या में प्रयुक्त चाकू पुलिस ने बरामद कर लिया है। इसे हत्यारोपी रेनू कनौजिया और सोनू कश्यप ने वारदात के बाद कल्याणपुर-पनकी रोड पर लोधेश्वर मंदिर के पास झाड़ियों में फेंक दिया था। मंगलवार को हत्यारोपियों को रिमांड पर लेने के बाद पुलिस को यह कामयाबी मिली।
पुलिस मुख्य हत्यारोपी पीयूष श्याम दासानी और उसके साथियों को वारांडा रेस्टोरेंट से कार बरामदगी स्थल पनकी तक भी ले गई। इससे पहले पुलिस लाइन में पूछताछ के दौरान फोरेंसिक टीम ने सभी हत्यारोपियों के हाथों की अंगुलियों के निशान भी लिए। हत्याभियुक्तों से पूछताछ और अन्य सामानों की बरामदगी के लिए देर रात तक प्रयास जारी रहा।
ज्योति हत्याकांड के आरोपी पति पीयूष और उसके साथी ड्राइवर अवधेश, सोनू कश्यप, आशीष तथा रेनू कनौजिया को मंगलवार सुबह पुलिस ने कस्टडी रिमांड पर लिया। दोपहर करीब सवा 12 बजे इन सभी आरोपियों को कड़ी सुरक्षा में पुलिस लाइन लाया गया।
यहां एसएसपी के. सुनील इमैनुएल, विवेचक स्वरूप नगर थानाध्यक्ष, सह विवेचक क्राइम ब्रांच के सबइंस्पेक्टर धर्म प्रकाश शुक्ला, अखिलेश गौड़, कोहना थानाध्यक्ष पूनम अवस्थी, काकादेव थानाध्यक्ष शशिभूषण मिश्र, मूलगंज थानाध्यक्ष हरीशंकर शुक्ला समेत विवेचना में शामिल कई पुलिस अफसरों ने अपने-अपने तरीके से बंद कमरे में पूछताछ की।
फिर फोरेंसिक टीम को बुलाकर हत्या में प्रयुक्त चाकू, कार के स्टेयरिंग व घटनास्थल पर मिले अंगुलियों के निशान का मिलान कराने के मकसद से हत्यारोपियों के फिंगर प्रिंट्स लिए गए। इस दौरान मीडिया कर्मियों को भी पुलिस लाइन के भीतर नहीं जाने दिया गया।
शाम करीब चार बजे हत्याभियुक्तों को पुलिस वैन से हत्या में इस्तेमाल चाकू को बरामद करने के लिए पनकी ले जाया गया। पुलिस के मुताबिक हत्यारोपी रेनू कनौजिया और सोनू कश्यप की निशानदेही पर कल्याणपुर-पनकी रोड स्थित लोधेश्वर मंदिर के पास झाड़ियों से चाकू बरामद किया गया है।
हत्यारोपियों को रैना मार्केट स्थित वारांडा रेस्टोरेंट ले जाया गया। इसके बाद सीएसए-रावतपुर रोड (जहां से ज्योति को अगवा किया गया था), जिस रास्ते से ज्योति को कार से पनकी थाने के पास ले जाया गया था और जहां हत्या के बाद कार छोड़ी गई। वहां भी पुलिस हत्याभियुक्तों को ले जाया गया। पुलिस ने इस पूरी कार्रवाई की बाकायदा वीडियोग्राफी भी कराई है। अभी पूछताछ और हत्याभियुक्तों के भागने में प्रयुक्त बाइक, हत्यारोपियों के कपड़े आदि सामानों को बरामद करने की कार्रवाई चल रही है। ज्योति को हर पल तड़पाना चाहती थी मनीषा